टीवी मसाला

Bigg Boss 19 Written Update: प्रणित मोरे के माथे लगा 'कटप्पा' का टैग, मीडिया के निशाने पर आईं तान्या मित्तल

Bigg Boss 19 Written update 1 December, 2025: टीवी के धमाकेदार शो 'बिग बॉस 19' का बीते दिन का एपिसोड धमाकेदार रहा। जहां घरवालों में बहस देखने को मिली तो वहीं बाद में घर में मीडिया ने कदम रखा, जिन्होंने घरवालों से तीखे सवाल करने में कोई भी कसर नहीं छोड़ी।

Image

फोटो क्रेडिट- जियो हॉटस्टार

Bigg Boss 19 Written update 1 December, 2025: टीवी के धमाकेदार शो 'बिग बॉस 19' ने छोटे पर्दे पर धूम मचाई हुई है। 'बिग बॉस 19' के फिनाले में कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं और जैसे-जैसे ये दिन नजदीक आ रहा है, शो के एपिसोड भी दिलचस्प होते जा रहे हैं। बीते दिन 'बिग बॉस 19' में कंटेस्टेंट्स के बीच तो झगड़ा देखने को मिला ही। साथ ही बिग बॉस 19 में मीडिया की भी एंट्री हुई, जिन्होंने घरवालों से तीखे सवाल किये। लेकिन सबसे ज्यादा इस दौरान तान्या मित्तल निशाने पर दिखाई दीं। वहीं दूसरी ओर गौरव खन्ना को 'लोमड़ी' का टैग दिया गया।

'बिग बॉस 19' की शुरुआत में गौरव खन्ना और तान्या मित्तल एक-दूजे से भिड़ते नजर आए। दरअसल, गौरव खन्ना कंटेस्टेंट्स के साथ ड्यूटी बांट रहे थे, जिसपर तान्या मित्तल ने कहा कि वह अमाल के साथ बरतन बिल्कुल नहीं धुलेंगी। वहीं जब गौरव खन्ना ने उन्हें वॉशरूम और कुकिंग का ऑप्शन दिया तो तान्या मित्तल ने इन सभी चीजों से भी इंकार कर दिया। इसपर गौरव खन्ना का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। वहीं गौरव खन्ना का बर्ताव देख तान्या मित्तल ने भी कहा कि आप मुझसे ठीक से बात कीजिए। तान्या ने गौरव को 'घमंडी' का टैग दिया और कहा कि मैं ऐसे कैप्टन के लिए बिल्कुल काम नहीं करूंगी। दूसरी ओर मालती चाहर ने भी तान्या मित्तल का साथ दिया और गौरव की टोन को गलत बताया। फरहाना भट्ट ने मालती चाहर को लेकर कहा कि वह आग में घी डालने का काम कर रही हैं। इस मामले पर दोनों की जमकर बहस हुई, जिसमें फरहाना ने न केवल मालती को 'सड़कछाप' बल्कि 'दो टके की औरत' भी कहा।

फरहाना भट्ट के बाद मालती चाहर की बहस प्रणित मोरे से भी हुई, जिसके बाद उन्होंने अपना बेड अमाल के नजदीक शिफ्ट कर लिया। वहीं अगले दिन की सुबह भी कंटेस्टेंट्स के झगड़ों के साथ हुई। जहां पहला झगड़ा फरहाना भट्ट और मालती चाहर के बीच हुआ तो वहीं बाद में तान्या मित्तल और फरहाना के बीच भी तीखी बहस हुई।

आड़े हाथों आईं तान्या मित्तल

'बिग बॉस 19' में आगे दिखाया गया कि बिग बॉस ने घरवालों को सूचित किया कि गार्डन एरिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है। ऐसे में कंटेस्टेंट्स बाहर आए, जहां पत्रकारों ने एक-एक कर सभी से तीखे सवाल करने शुरू किये। एक जर्नलिस्ट ने तान्या मित्तल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आप खुद को "स्पिरिचुअल लीडर' बोलती हैं, लेकिन दूसरी तरफ लोगों के लुक्स पर, शरीर पर और काम पर कमेंट करती हैं। ऐसे में तान्या मित्तल ने कहा कि मैं खुद को "स्पिरिचुअल इंफ्लुएंसर' बोलती हूं, लीडर नहीं और मैं मंदिर जाती हूं, उनकी कहानियां सबसे साझा करती हूं।

प्रणित मोरे को बताया कटप्पा

'बिग बॉस 19' में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने प्रणित मोरे को कटप्पा बताया और कहा कि आपने अपने किसी भी दोस्त का साथ नहीं दिया। लेकिन प्रणित ने जवाब में कहा कि उनकी प्राथमिकताएं समय के हिसाब से बदलती रहती हैं और वह खुद को कटप्पा बिल्कुल नहीं समझते। जूम/टेली टॉक पत्रकार हरी दुबे ने मालती चाहर से प्रणित मोरे के लिए उनकी स्पेशल फीलिंग्स पर सवाल किया। ऐसे में मालती ने कहा कि मुझे प्रणित मोरे की कुछ चीजें पसंद हैं, लेकिन ये बात नहीं अच्छी लगती कि वो अपने दोस्तों के लिए खड़ा नहीं होता।

गौरव खन्ना को कहा लोमड़ी

'बिग बॉस 19' में आगे गौरव खन्ना को एक पत्रकार ने कहा कि आप शेर की खाल में लोमड़ी हैं। वहीं दूसरी ओर गौरव ने जवाब दिया, "अगर मैं शो का विजेता बनता हूं तो मैं वो विनर होऊंगा, जिसने घर में कभी गाली नहीं दी। मैं इस जंगल का मालिक हूं और शो भी जीतूंगा।" एक पत्रकार ने तान्या मित्तल को साड़ी को नीचा दिखाने के लिए ताना मारा और जमकर लताड़ लगाई। वहीं दूसरी पत्रकार ने पूछा कि आपने कहा था कि अगर गौरव, प्रणित या अशनूर में से कोई टॉप 3 में जाता है तो वह खुद घर छोड़ देंगी तो क्या अब आप हमारे साथ वापस चलेंगी? इसपर तान्या ने जवाब दिया कि जरूरी नहीं है कि मैं जो चीज कहूं, उसे आगे करूं भी।

ashna malik
आशना मलिकauthor

आशना मलिक पिछले छह वर्षों से एंटरटेनमेंट पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने बॉलीवुड और टीवी सितारों के कई इंटरव्यू किए हैं और इस क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाई है। आशना को कॉपी राइटिंग, फीचर लेखन और वीडियो कंटेंट निर्माण का अनुभव है, जिससे वे बहुआयामी और आकर्षक स्टोरीज तैयार करती हैं। 7,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकीं आशना की खासियत है ट्रेंडिंग एंटरटेनमेंट खबरों को सटीक, स्पष्ट और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करना। आशना की स्टोरीटेलिंग में नवीनतम ट्रेंड्स की समझ, विषय की गहराई और दर्शकों से जुड़ने की क्षमता साफ झलकती है।

और पढ़ें
End of Article