Bigg Boss 16 Episode Update: सलमान खान के शो बिग बॉस 16 के लेटेस्ट एपिसोड में देखा गया कि सुंबुल जब इस सोच में पड़ जाती हैं कि उन्हें शालीन का सपोर्ट करना चाहिए या नहीं, तब साजिद खान सुंबुल पर गुस्सा हो जाते हैं। साजिद खान का गुस्सा सुंबुल पर तब फूटा जब एक्ट्रेस शालीन और गौतम की लड़ाई को रोकने की कोशिश करती हैं। दरअसल, यह बात तब शुरू हुई जब गौतम सुंबुल से कहते हैं कि 'तुम इस रूम में ओवरटाइम क्यों करती हो?' दोनों के बीच में फिर मजाक चलने लगा और सुंबुल, गौतम, टीना और निमृत एक ही बेड पर लेट जाते हैं। सुंबुल पहले रूम से बाहर जाने की बात करती हैं लेकिन गौतम और टीना यह कहते हैं कि यहां दोस्त की तरह बातचीत चल रही है।
बाद में, सुंबुल यह बात शालीन को बताती हैं और कहती हैं कि उन्हें ताने मारे जा रहे थे। जिसकी वजह से शालीन सुंबुल के लिए गौतम से लड़ बैठते हैं। इसी बीच सुंबुल शालीन को रोकने की कोशिश करती हैं और कहती हैं कि 'आपको मेरे लिए लड़ने की कोई जरूरत नहीं है। आप मेरा नाम लेकर मत लड़ाई करो।' जब माहौल फिर शांत हो जाता है तब साजिद सुंबुल से हेवी टोन में बात करते हुए पूछते हैं 'तुम चाहती क्या हो? तुम रोती हो जब शालीन तुम्हारे लिए खड़ा नहीं होता है। तुम रोते हुए उससे सपोर्ट मांगती हो। और जब वह तुम्हारे लिए खड़ा हुआ, तो तुमने उसे रोक दिया। तुम चाहती क्या हो?'
साजिद का जवाब देते हुए सुंबुल यह कहती हैं कि 'मैं अपनी लड़ाई खुद लड़ सकती हूं। और आप लोग यह नहीं समझेंगे कि मैं क्यों बीच में आई।' इसके बाद साजिद सुंबुल से कारण पूछते हैं। सुंबुल यह कहती हैं कि 'क्योंकि मुझे चिंता थी कि कहीं मेरे पिता यह ना सोचने लगे कि मैं अपनी लड़ाई खुद नहीं लड़ सकती।'
इसके बाद साजिद यह कहते हैं कि 'तब तुम क्यों रोती हो जब शालीन तुम्हें सपोर्ट नहीं करता? तुम खुद डिसाइड करो और हमें बताओ कि हम तुम्हारे साथ कैसा बरताव करें। क्या हम तुम्हें 18 साल की बच्ची समझें या 18 साल की बालिग। क्योंकि तुम अपने विचार बदलते रहती हो।'
