पुलिस ने दर्ज किया सोनाली फोगाट की अप्राकृतिक मौत का मामला, राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 24, 2022, 08:36 AM IST

Sonali Phogat unnatural death case filed: राष्ट्रीय महिला आयोग ने सोनाली फोगाट की मौत पर संज्ञान लिया है। एक्ट्रेस की बहन सुदेश देवी ने दावा किया है कि सोनाली के खाने में कुछ मिलाया जा रहा था, जो उनके स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा था...

पुलिस ने दर्ज किया सोनाली फोगाट की अप्राकृतिक मौत का मामला, राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान

Sonali Phogat Unnatural Death Case: भाजपा नेता, टिकटॉक स्टार और बिग बॉस की कंटेस्टेंट रहीं सोनाली फोगाट का निधन हो गया है। 42 साल की सोनाली फोगाट का मंगलवार सुबह गोवा के गांव अंजुना में निधन हो गया। अब ताजा जानकारी के मुताबिक अंजुना पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है, जो कि बुधवार को होगा।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जसपाल सिंह ने टीओआई को बताया- 'सोनाली फोगाट, अंजुना में एक बीच लोकेशन कर्लीज गई हुई थीं। यहां उन्होंने बेचैनी की शिकायत कराई थी और इसके बाद में वह होटल आ गई थीं। शुरुआती जांच में हमें कोई गड़बड़ी नहीं मिली।'

राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है और मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय तथ्यान्वेषी दल का गठन किया है। उनकी बहन सुदेश देवी ने दावा किया है कि सोनाली फोगाट ने उनकी मौत से कुछ घंटे पहले उनकी मां से बात की थी। सोनाली ने कहा था कि उनके खाने में कुछ मिलाया जा रहा है, जो उनके स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। बताया जा रहा है कि सोनाली ने अपनी मां से कहा था - 'मेरे खिलाफ कुछ साजिश हो रही है।'

अपने निधन से कुछ घंटे पहले ही सोनाली फोगीट ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए थे। जिसमें वो गुलाबी दुपट्टे लिए बेहद खुश दिख रही थीं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को सीबीआई जांच के आदेश देने चाहिए। फोगाट ने 2019 के हरियाणा चुनाव के दौरान अक्सर सुर्खियां बटोरते हुए एक मजबूत अभियान चलाया।

प्रचार के दौरान सोनाली 'भारत माता की जय' विवाद में भी पड़ गई थीं। उन्हें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के बेटे कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ खड़ा किया गया था। 

आदमपुर में बीजेपी सीट से सोनाली करीब 30,000 मतों से हार गई थीं। लेकिन सोशल मीडिया पर वो स्टार बन गईं। इसी वजह से बाद में उनको साल 2020 में बिग बॉस 14 में बतौर कंटेस्टेंट देखा गया था।

End of Article