Suriya-Jyotika Wedding Celebration Video: साउथ सिनेमा के पॉपुलर कपल सूर्या (Suriya) और ज्योतिका (Jyotika) ने अपनी शादी के 20 साल पूरे होने का जश्न बेहद खास अंदाज में मनाया है। दोनों ने अपनी शादी की सालगिरह पर एक बार फिर शादी की रस्में निभाईं और एक-दूसरे से अपने रिश्ते को लेकर नए सिरे से वादे किए। इस खास मौके पर उनके बच्चे दिया और देव, परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त भी मौजूद रहे। दोनों ने इस खूबसूरत समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें उनकी केमिस्ट्री और परिवार के साथ बिताए खास पल साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही फैंस भी इस कपल पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Ranbir Kapoor की Ramayana से Nayanthara का होगा महा मुकाबला, ‘मुकुथी अम्मन 2’ का टीजर आउट
फिर से की शादी
सूर्या और ज्योतिका ने 11 सितंबर 2006 को चेन्नई में शादी की थी। अब शादी के दो दशक पूरे होने के बाद दोनों ने अपनी मैरिज एनिवर्सरी को यादगार बनाने के लिए फिर से वेडिंग वाउ रिन्यू किए। इस दौरान ज्योतिका खूबसूरत वेडिंग गाउन में नजर आईं, जबकि सूर्या ने सफेद सूट पहना हुआ था। दोनों को एक साथ देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उनकी शादी का वो दिन फिर से लौट आया हो। इस फंक्शन की सबसे प्यारी बात ये रही कि इसमें उनके बच्चे भी खास भूमिका में नजर आए। वीडियो में उनका बेटा देव अपनी मां ज्योतिका को लेकर आगे बढ़ता दिखाई दिया, जबकि बेटी दिया भी इस खास मौके का हिस्सा बनीं। परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे के साथ अपने रिश्ते को दोबारा सेलिब्रेट किया।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें: रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से हुई Samantha Ruth Prabhu की गोद-भराई, पीली साड़ी में लगीं बेहद खूबसूरत
कैप्शन में लिखी दिल की बात
इस वीडियो को शेयर करते हुए ज्योतिका ने प्यारा सा कैप्शन दिया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। ज्योतिका ने लिखा कि 'हमारे प्यार और नोकझोंक के 20 साल पूरे होने पर आज हम अपनी शादी की सालगिरह फिर से मना रहे हैं। और नहीं, ये किसी परफेक्ट शादी का जश्न नहीं है। ये हमारी कमियों, एक-दूसरे के लिए किए गए समझौतों, समझदारी, त्याग और बिना किसी स्वार्थ के एक-दूसरे से प्यार करने का जश्न है। ये ‘हम’ का जश्न है। उन दो लोगों का जश्न, जो एक-दूसरे की वजह से आज वैसे बन पाए हैं, जैसे हैं।' इसके अलावा उन्होंने काफी कुछ लिखा। इस वीडियो को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और कपल को हमेशा साथ रहने की दुआ दे रहे हैं।
