Governor Review: मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गर्वनर' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह फिल्म भारत के इतिहास के एक ऐसे दौर की कहानी दिखाती है, जिसके बारे में अक्सर ज्यादा चर्चा नहीं होती। फिल्म में मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अगर आप इस फिल्म को देखने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले हमारा यह रिव्यू जरूर पढ़ लें।
भारत को दिवालिया होने से बचाने की कहानी कहती है गर्वनर (pic credit-governor movie)
Governor Review: जब फिल्म 'गर्वनर' (Governor) का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तभी से यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई थी। ट्रेलर देखकर ही दर्शकों को अंदाजा हो गया था कि यह कोई आम फिल्म नहीं, बल्कि भारत के इतिहास के एक ऐसे अहम दौर की कहानी है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। अब मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee ) और अदा शर्मा स्टारर यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म देश के आर्थिक संकट और उससे जुड़े बड़े फैसलों को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश करती है। क्या मनोज बाजपेयी अपने दमदार अभिनय से इस किरदार में जान डाल पाए हैं? क्या फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरती है? आइए जानते हैं हमारे इस रिव्यू में। (टाइम्स नाव नवभारत पर ये भी पढ़ें-Governor Trailer: भारत को फेल नहीं होने देंगे Manoj Bajpayee, रिलीज हुआ ट्रेलर)
फिल्म 'गवर्नर' की कहानी साल 1990 की है, जब भारत गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। महंगाई लगातार बढ़ रही थी, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे थे और देश दिवालिया होने की कगार पर पहुंच चुका था। विदेशी मुद्रा भंडार तेजी से खत्म हो रहा था और पूरे देश में चिंता का माहौल था। ऐसे मुश्किल समय में ए. रमन (मनोज बाजपेयी) को भारतीय रिजर्व बैंक का नया गवर्नर बनाया जाता है। उन्हें सिर्फ 30 दिनों में देश को आर्थिक संकट से बाहर निकालने की जिम्मेदारी मिलती है। समय कम है और चुनौतियां बड़ी हैं। ऐसे में रमन कई बड़े फैसले लेते हैं, जो देश की दिशा बदल सकते हैं। अगर पूरी कहानी जाननी है तो आपको मूवी देखनी पड़ेगी।
कोई भी आम दर्शक मनोज बाजपेयी से क्या उम्मीद करता है- बस अच्छी एक्टिंग....मनोज बाजपेयी ने वही किया है और बहुत अच्छे से किया है। मनोज बाजपेयी ने एस. वेंकटरमणन के किरदार को बेहद प्रभावशाली ढंग से निभाया है। उनका अभिनय फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आता है। अदा शर्मा पत्रकार अदिति वर्मा के रोल में नजर आती हैं और अपनी मौजूदगी से कहानी को मजबूती देती हैं। ये कहना गलत नहीं होगा कि इन दोनों ने मूवी में धमाल मचा दिया है।
फिल्म 'गवर्नर' आर्थिक और राजनीतिक घटनाओं को आम दर्शकों के लिए आसान भाषा में समझाने की कोशिश करती है। हालांकि कई आर्थिक शब्द और तकनीकी बातें कुछ दर्शकों के लिए समझना मुश्किल हो सकती हैं, फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह ऐसे विषय को सामने लाती है, जिस बहुत कम बात हुई है और कोई बड़ी मूवी या सीरीज नहीं बनी है। यही लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा खींचने वाला है। फिल्म पूरी तरह से परफेक्ट नहीं है। इंटरवल से पहले कुछ हिस्से जरूरत से ज्यादा लंबे लगते हैं और कहानी की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। मूवी की स्क्रिप्ट पर थोड़ा और काम होता तो मजा आ जाता।
'गवर्नर' भारत के इतिहास के एक महत्वपूर्ण चैप्टर को अलग तरीके से पेश करने में सफल रहती है। अगर आपको भारत के इतिहास को जानने में दिलचस्पी है तो मनोज बाजपेयी की फिल्म गर्वनर आपके लिए परफेक्ट मूवी है। हम इस मूवी को 3 स्टार देते हैं।