Bhool Chuk Maaf Box Office Analysis: जहां एक तरफ बॉलीवुड लगातार फ्लॉप फिल्मों से जूझ रहा है और हर निर्माता ये सोचने में लगा हुआ है कि वो किस तरह की फिल्म बनाए कि दर्शक सिनेमाघरों तक चले आएं, वहीं निर्माता दिनेश विजान (Dinesh Vijan) एक के बाद एक हिट फिल्में देकर बॉलीवुड इंडस्ट्री के संकटमोचक बने हुए हैं। कुछ समय पहले रिलीज हुई उनके बैनर की फिल्म छावा (Chhaava) का बिजनेस हर किसी के सामने है, जिसने रिकॉर्डतोड़ कमाई की है। दिनेश विजान जल्द ही अपनी नई फिल्म भूल चूक माफ (Bhool Chuk Maaf) दर्शकों के सामने पेश करेंगे, जिसमें राजकुमार राव (Rajkummar Rao), वामिका गब्बी (Wamiqa Gabbi), संजय मिश्रा, सीमा पाहवा, जाकिर हुसैन, रघुबीर यादव, इश्तियाक खान और अनुभा फतेहपुरिया जैसे कलाकार दिखाई देंगे। कॉमेडी की दुनिया के मंझे हुए कलाकारों से सजी भूल चूक माफ का ट्रेलर कमाल का था, जिसने दर्शकों के बीच खलबली पैदा की थी। भूल चूक माफ (Bhool Chuk Maaf Trailer) का ट्रेलर देखने के बाद लगा था कि राजकुमार राव 9 मई को एक क्लियर हिट देंगे, जिसके लिए टिकिट विंडो पर भीड़ नजर आएगी लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है।
डायरेक्टर करण शर्मा के निर्देशन में बनी भूल चूक माफ एक कॉन्सेप्ट कॉमेडी मूवी है, जिसमें हीरो एक तारीख के फेर में फंस गया है। उसके साथ ऐसा क्यों हुआ है और इस फेर से वो कैसे निकलेगा ये फिल्म के दौरान पता चलेगा लेकिन ट्रेलर से साफ है कि दर्शकों को फिल्म के दौरान मजेदार डायलॉग्स सुनने को मिलेंगे।
दर्शकों के बीच क्यों नहीं बन पा रहा है भूल चूक माफ को लेकर बज
बॉलीवुड ने स्मॉल टाउन कॉमेडीज का सिलसिला कोरोना वायरस लॉकडाउन से पहले शुरू किया था और दर्शक भर-भरकर सिनेमाघर जा रहे थे। इस तरह की कहानियों के साथ दर्शक काफी अच्छा कनेक्ट कर रहे थे लेकिन कोरोना के दौर में इस तरह की कहानियां ओटीटी पर नजर आने लगीं। इसके बाद स्मॉल टाउन कहानियों के लिए दर्शक सिनेमाघरों में जाना पसंद नहीं कर रहे हैं। राजकुमार राव और वामिका गब्बी की फिल्म भूल चूक माफ छोटे शहर की कहानी है। इस तरह की कहानियां पिछले कुछ समय में काफी रिलीज हुई हैं लेकिन बहुत कम ही हिट या सुपरहिट की कैटेगिरी में शामिल हो सकी हैं।
भूल चूक माफ के खराब बज की एक बड़ी वजह इसकी स्टारकास्ट भी है। अगर मेन लीड की बात करें तो राजकुमार राव पिछले कुछ समये से लगातार ऐसी ही फिल्में डिलीवर कर रहे हैं। भूल चूक माफ में उनके किरदार में नयापन नहीं है, जिस कारण भी दर्शक इसे देखने के लिए उत्साहित नजर नहीं आ रहे हैं। ट्रेलर से साफ है कि राजकुमार राव ने इसमें अच्छी अदाकारी की है लेकिन उनकी ऐसी अदाकारी दर्शक लगातार देखते आ रहे हैं। अगर वामिका गब्बी की बात करें उनकी खुद की कोई फैन फॉलोइंग नहीं है। इंस्टाग्राम पर भले ही उनकी खूबसूरत आंखों को लेकर बातें होती हो लेकिन ये बातें टिकिट विंडो पर भीड़ के रूप में ट्रांसफर नहीं हो रही हैं। इसके साथ-साथ भूल चूक माफ का संगीत भी लोगों के बीच में जगह नहीं बना पाया है। मेकर्स ने इसका केवल एक ही गाना चोर बाजारी प्रमोट किया है, जो की रीमिक्स वर्जन है। इसमें लोग सैफ-दीपिका को ही इमेजिन कर रहे हैं। अच्छा होता अगर मेकर्स इसकी जगह ओरिजनल गाने पर दांव लगाते।
कैसा रहेगा फिल्म भूल चूक माफ का बिजनेस
अच्छे ट्रेलर और फनी डायलॉग्स के बावजूद भी फिल्म भूल चूक माफ को लेकर दर्शकों के बीच में उम्मीद के मुताबिक उत्साह नजर नहीं आना निराशाजनक है लेकिन राजकुमार-वामिका को इस सच्चाई को स्वीकार करना ही होगा। फिल्म भूल चूक माफ की कमाई वीकेंड बिजनेस पर काफी निर्भर करेगी। अगर फिल्म पहले तीन दिनों में सम्मानजनक आंकड़े दर्ज कराती है तो ये एक हफ्ते का सफर तय कर पाएगी, वरना बीच में ही दम तोड़ देगी।
