बॉलीवुड

Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से आजाद मैदान में मचा बवाल, क्रिकेट मैच टलने पर MCA ने जताई नाराजगी

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 6, 2026, 01:22 PM IST

Ranveer Singh Pralay Shooting Controversy: एक्टर रणवीर सिंह की फिल्म प्रलय रिलीज से पहले विवादो में आ गई है। इसकी वजह फिल्म प्रलय की शूटिंग से जुड़ा एक मामला है। तो चलिए जानते हैं कि...

Image

‘प्रलय’ की शूटिंग के लिए क्रिकेट ग्राउंड पर लगा सेट, अंडर-14 और अंडर-16 के मैच हुए पोस्टपोन (Image Source: IMDb/ Reddit)

Ranveer Singh Pralay Shooting Controversy: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की आने वाली फिल्म प्रलय (Pralay) को लेकर इन दिनों काफी चर्चा है। फिल्म की शूटिंग मुंबई में चल रही है और मेकर्स कहानी को असली लोकेशन पर फिल्माने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अब इसी शूटिंग को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। मुंबई के आजाद मैदान में फिल्म की शूटिंग की गई, जहां आमतौर पर क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियां होती हैं। इस मैदान पर कई युवा खिलाड़ी क्रिकेट की प्रैक्टिस करते हैं और टूर्नामेंट भी खेले जाते हैं। ऐसे में फिल्म की शूटिंग को लेकर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) की नाराजगी सामने आई है।

‘प्रलय’ की शूटिंग के चलते टले क्रिकेट मैच

एक्टर रणवीर सिंह की फिल्म प्रलय एक बार फिर से चर्चा में है। इसकी वजह फिल्म प्रलय से जुड़ा एक विवाद है। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म प्रलय के मेकर्स को आजाद मैदान में छह घंटे तक शूटिंग करने की अनुमति मिली थी। इस फैसले से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) नाराज हो गया है, क्योंकि शूटिंग की वजह से अंडर-14 और अंडर-16 के इंटरस्कूल क्रिकेट मैच प्रभावित हुए। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आजाद मैदान में पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग की अनुमति दी गई है। इस मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए MCA की एपेक्स काउंसिल के सदस्य नदीम मेमन ने कहा, 'आजाद मैदान में पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग हुई है। 'प्रलय' की शूटिंग के लिए यहां बड़े-बड़े सेट लगाए गए और आर्टिफिशियल घास बिछाई गई। यह कोई फिल्म शूटिंग की जगह नहीं है, बल्कि क्रिकेट का मैदान है, जहां खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए अपनी प्रतिभा को निखारते हैं। शूटिंग की वजह से हमारे चल रहे टूर्नामेंट प्रभावित हुए। इस नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा? किसी कमर्शियल फिल्म की शूटिंग की अनुमति देकर क्रिकेट के मैदान का व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।' नदीम ने आगे कहा, 'स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की वजह से आजाद मैदान की खेल संस्कृति प्रभावित हो रही है। खेलों को बढ़ावा देने के बजाय विभाग मैदान की व्यावसायिक बुकिंग की अनुमति दे रहा है। हम युवा क्रिकेटरों को तैयार करने और कई अंतरराज्यीय टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन फिल्म की शूटिंग के कारण हमें मैच टालने पड़े। स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट इसकी अनुमति कैसे दे सकता है?'

क्या है रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’?

‘प्रलय’ एक पोस्ट-अपोकैलिप्टिक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन जय मेहता (Jai Mehta) कर रहे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ कल्याणी प्रियदर्शन (Kalyani Priyadarshan) भी अहम रोल में हैं। इसकी कहानी एक ऐसी दुनिया पर आधारित है, जहां बड़ी तबाही के बाद लोगों को जिंदा रहने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। फिल्म की शूटिंग मुंबई की असली लोकेशन पर की जा रही है।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article