Pakistan Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।
रेस्क्यू डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को बताया कि एक यात्री बस और ट्रक के बीच गुरुवार की शाम भीषण भिड़ंत हुई। यह हादसा लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर पाकपट्टन में देपालपुर रोड पर हुआ।
भीषण भिड़ंत के बाद पलट गई बस
पंजाब इमरजेंसी एंड रेस्क्यू सर्विस (112) के मुताबिक, यात्री बस पंजाब के साहीवाल जिले से कसूर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, रेस्क्यू डिपार्टमेंट ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई। हादसे में घायल यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचावकर्मियों को विशेष कटर की मदद से बस की लोहे की सीटों और अन्य हिस्सों को काटना पड़ा।
'रेस्क्यू 1122' के मुताबिक, हादसे में 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में शामिल 32 लोगों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। रेस्क्यू डिपार्टमेंट ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि हादसा एकल सड़क मार्ग पर बस ड्राइवर द्वारा तेज गति से वाहन चलाने के कारण हुआ।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तानी सेना ने बरपाया कहर
अस्पताल पहुंचाने में लगा 3 घंटे से अधिक समय
'रेस्क्यू 1122' के मुताबिक, मृतकों में एक पुलिसकर्मी और एक सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं। बचाव दलों को घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाने में तीन घंटे से अधिक समय लगा।
पंजाब प्रांत के CM ने जताया दुख
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने बस हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
