Kulgam Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार दो आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जांच चौकी पर गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गये और इनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने फरार हुए हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह हमला अपराह्न लगभग दो बजकर 15 मिनट पर मीर बाजार के निकट हुआ, जो यहां से लगभग 75 किलोमीटर दूर है और कड़ी सुरक्षा वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से केवल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। रिपोर्ट के मुताबिक, महज 15 सेकंड के भीतर 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। इसके बाद भी करीब एक मिनट तक रुक-रुककर गोलियां चलने की आवाजें रिकॉर्ड हुईं।
बाइक सवार हमलावरों ने अचानक शुरू की फायरिंग
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार आतंकियों ने मीर बाजार के नजदीक CRPF की जांच चौकी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल पर लगे सिक्योरिटी कैमरे में कैद फुटेज में गोलीबारी के दौरान अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है। शुरुआत में एक CRPF जवान दुकानों की कतार के सामने बैठा नजर आता है। गोलियों की आवाज सुनते ही एक जवान दौड़ता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद दो जवान हाथों में मशीन गन लेकर उस दिशा में आगे बढ़ते नजर आते हैं, जहां से फायरिंग हो रही थी।
करीब दो मिनट के इस CCTV फुटेज में लोगों के चिल्लाने और हमलावरों को ललकारने की आवाजें भी सुनाई देती हैं।
तीन CRPF जवान घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हुए हैं। उनकी पहचान राकेश दास, संतोष चंद्रू और सोमवीर सिंह के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दास के बाएं पैर में, चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में, जबकि सिंह के बाएं हाथ में चोट आई है। तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी में एक जवान की हालत गंभीर बताई गई थी। हालांकि, बाद में सामने आई जानकारी के मुताबिक तीनों घायल जवान खतरे से बाहर हैं।
इलाके की घेराबंदी, आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी। CRPF की ओर से बताया गया कि हमलावर गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए। इसके बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। इलाके में बैरिकेडिंग की गई और बख्तरबंद वाहनों के साथ सुरक्षाकर्मी भी पहुंच गए। स्थानीय लोगों को लाउडस्पीकर के जरिए घरों के अंदर रहने की अपील की गई। इस दौरान एंबुलेंस की मदद से घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया।
