Swachh Survekshan 2025-26: उत्तराखंड के रुद्रपुर ने स्वच्छता के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर को देश का सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर चुना गया है। वहीं, जम्मू ने इस श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। ॉ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए। इस दौरान देश के सबसे स्वच्छ शहरों और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरी निकायों को सम्मानित किया गया। यह स्वच्छ सर्वेक्षण का 10वां संस्करण है, जो स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत आयोजित किया गया।
इस साल स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम 'स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई है। इस पहल का उद्देश्य देशभर में स्वच्छता को बढ़ावा देना और शहरों को साफ-सुथरा बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किए स्वच्छता पुरस्कार
विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न श्रेणियों में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत देशभर के शहरों और शहरी स्थानीय निकायों के स्वच्छता संबंधी प्रयासों को सम्मानित किया गया। इसमें स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों की उपलब्धियों को सामने लाया गया।
क्या है स्वच्छ सर्वेक्षण?
स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से आयोजित देशव्यापी स्वच्छता मूल्यांकन अभियान है। इसका उद्देश्य शहरों में साफ-सफाई की स्थिति का आकलन करना, स्वच्छता के प्रति प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और शहरी निकायों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
