बॉलीवुड और एंटरटेनमेंट जगत से आज कई दिलचस्प खबरें सामने आई हैं। जहां एक तरफ नितीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ की तारीफ वापस लेते हुए निराशा जाहिर की है, वहीं दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने अपनी छोटी बेटी देवी के जन्म के बाद पहली दिवाली मनाई। सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर में दिवंगत प्रशांत तमांग की झलक ने उनके दोस्त मियांग चांग को भावुक कर दिया। इसके अलावा हुमा कुरैशी के नए लुक, प्रकाश राज के बयान, बोनी कपूर के जन्मदिन और मुंबई में पटाखे जलाने को लेकर वीर दास की शिकायत सहित कई खबरें चर्चा में हैं।
टीवी के ‘महाभारत’ में श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले नितीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर अपनी पहले की तारीफ वापस ले ली है। फिल्म देखने के बाद उन्होंने निराशा जताई। नितीश ने रावण के किरदार को दिखाने के तरीके पर सवाल उठाए और कहा कि इससे रामायण का नैतिक आधार बदलता है। उन्होंने लिखा कि वो फिल्म से बेहद निराश हैं और अपनी पुरानी पोस्ट वापस लेते हैं।
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने अपनी छोटी बेटी देवी के जन्म के बाद पहली दिवाली मनाई। इस खास मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। तस्वीर में दोनों दीपिका के माता-पिता प्रकाश और उज्जला पादुकोण, बहन अनीशा और परिवार के अन्य लोगों के साथ नजर आए।
सलमान खान की ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर में दिवंगत सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग की झलक देखकर उनके दोस्त मियांग चांग भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रशांत को याद करते हुए लिखा कि काश वे दोनों यह फिल्म साथ देख पाते। प्रशांत इस फिल्म में चीनी सेना के एक अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं। ये उनकी आखिरी फिल्म है।
हुमा कुरैशी जल्द ही वेब सीरीज ‘महारानी’ के पांचवें सीजन में रानी भारती के किरदार में लौटेंगी। सीरीज के नए प्रोमो में उनका गंजा लुक देखने को मिला है। इस बदलाव के बारे में हुमा ने बताया कि इस सीजन में उनके किरदार की मांग कुछ अलग थी। उन्होंने कहा कि बाल मुंडवाने का अनुभव उनके लिए नया था। इस लुक ने एक एक्टर के तौर पर उन्हें अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने का मौका दिया।
एक्टर प्रकाश राज ने बताया कि फिल्म ‘वाराणसी’ में उन्हें कास्ट करने को लेकर सोशल मीडिया पर एसएस राजामौली से सवाल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘केजीएफ’ और ‘दृश्यम 3’ जैसी फिल्मों में उनके होने पर भी लोगों ने आपत्ति जताई, लेकिन दर्शकों ने फिल्में देखीं। प्रकाश राज ने ये भी बताया कि उन्हें अलग-अलग कारणों से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में आठ बार बैन किया गया।
अर्जुन कपूर ने अपने पिता और फिल्ममेकर बोनी कपूर को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर ओरी की शेयर की हुई एक वीडियो को रीशेयर किया, जिसमें बोनी कपूर अपने परिवार और दोस्तों के साथ पार्टी करते नजर आए। अर्जुन ने इसके साथ लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे डैड, हम आपसे प्यार करते हैं। हमेशा ओरी की तरह जवान रहिए।’ पार्टी में अर्जुन के अलावा खुशी और अंशुला कपूर भी मौजूद थीं।
मध्य प्रदेश के चित्रकूट में लगे सालाना गधा मेले में Chunky नाम के गधे की कीमत 72 हजार रुपये लगी। खास बात यह है कि इस गधे का नाम एक्टर चंकी पांडे के नाम पर रखा गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चंकी ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त उन्हें इस खबर की कटिंग भेज रहे हैं और उनके लिए कोई भी खबर अच्छी खबर है।
Pillsbury Doughboy के किरदार को अपनी आवाज देने वाले एक्टर और वॉयस आर्टिस्ट JoBe Cerny का 78 साल की उम्र में निधन हो गया। वो अल्जाइमर बीमारी से जूझ रहे थे।
एक्टर और कॉमेडियन वीर दास ने मुंबई के जॉगर्स पार्क के बाहर पटाखे जलाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूछा कि लोग सार्वजनिक जगहों पर पटाखे जलाने को लेकर नियमों का पालन कब करेंगे। इस पर मुंबई पुलिस ने जवाब देते हुए बताया कि मामले की जानकारी बांद्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। बीएमसी ने मुंबई में रॉकेट और हवाई पटाखों पर 25 नवंबर तक रोक लगाई है।
‘बिग बॉस 11’ से चर्चा में आईं सिंगर ढिंचैक पूजा ने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर सोशल मीडिया पर शेयर की है। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वो बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं।