PS1 Box Office Collection Day 1: ऐश्वर्या राय बच्चन, चियान विक्रम, कार्ति, तृषा कृष्णन, जयराम रवि, ऐश्वर्या लक्ष्मी, शोभिता धुलिपाला स्टारर फिल्म 'पोन्नियिन सेल्वन 1' 30 सितंबर को रिलीज हुई है। इस मल्टीस्टारर फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया और कमाई का नया कीर्तिमान बना दिया है। इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म को समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों ने भी काफी पसंद किया था। एडवांस बुकिंग के मामले में यह फिल्म काफी मजबूत थी।
ऐश्वर्या राय स्टारर इस फिल्म का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर ऋतिक रोशन-सैफ अली खान स्टारर विक्रम वेधा से था। पहले दिन कमाई के मामले में 'पोन्नियिन सेल्वन 1' ने 'विक्रम वेधा' को काफी पीछे छोड़ दिया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म PS 1 ने पूरे भारत में सभी भाषाओं में मिलाकर तकरीबन 40 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, 'पोन्नियिन सेल्वन' को 500 करोड़ के बड़े बजट में बनाया गया है।
विक्रम को दी मात
'पोन्नियिन सेल्वन 1' ने ओपनिंग डे कमाई से कमल हासन की फिल्म 'विक्रम' को मात दे दी है। विक्रम का सभी भाषाओँ को मिलाकर पहले दिन का कलेक्शन 37.5 करोड़ रुपये था। 'पीएस 1' ने तमिल में पहले दिन 27 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि विक्रम का पहले दिन का कलेक्शन तमिल में 25 करोड़ रुपये था। मणिरत्नम की ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म पोन्नियिन सेल्वन-1, कल्कि कृष्णमूर्ति द्वारा लिखित उपन्यास पर आधारित है। यह उपन्यास तमिल के महानतम उपन्यास में से एक माना जाता है।
वीकेंड पर कमाई में होगा इजाफा
इस फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का काफी फायदा मिलेगा और फिल्म बिजनेस के जानकार ऐसा अनुमान लगा रहे हैं कि वीकेंड पर इस फिल्म की कमाई में काफी इजाफा होगा। पोन्नियिन सेल्वन-1 की कहानी चोल साम्राज्य के ईर्द-गिर्द बुनी गई है जोकि दर्शकों के लिए एक दम नया विषय है। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उतसाह नजर आ रहा है।
