शहर

मथुरा में हाईवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्विफ्ट कार खड़े डंपर में जा घुसी, 4 लोगों की मौत

मथुरा में आज सुबह तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए।

Image

मथुरा में हाईवे पर भीषण हादसा

Photo : Times Now Digital

Mathura Accident News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

टक्कर के बाद कार में फंसे लोग

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा जैंत थाना क्षेत्र में निर्फाद हॉस्पिटल के पास सोमवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि जब स्विफ्ट कार दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 से गुजर रही थी। तभी निर्फाद हॉस्पिटल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को निकाला

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कार में फंसे घायलों को काफी देर मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने तीनों घायलों को गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

चारों मृतकों की पहचान की जा रही

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने में जुटी हुई है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

(इनपुट - दीपक चौधरी)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article