Bisleri News: देश में बोतलबंद पानी के सबसे चर्चित ब्रांड में शामिल बिसलेरी को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कार्रवाई के बाद कंपनी ने अपना पक्ष रखा है। नियामक ने कंपनी के खिलाफ असुरक्षित पेयजल बेचने के मामले में अभियोग चलाने की मंजूरी दी है। आरोप है कि कंपनी के गोवा स्थित प्लांट में तैयार बोतलबंद पानी के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया था। दोबारा जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी भी सामने आने का दावा किया गया। हालांकि, बिसलेरी ने इन निष्कर्षों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि स्वतंत्र जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली थी। कंपनी ने दावा किया है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है।
23 नवंबर 2026 को जारी बयान में बिसलेरी ने कहा कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। कंपनी ने कहा कि उसके नेटवर्क में कुल 143 प्लांट हैं और यह मामला उनमें से एक प्लांट के एक बैच से जुड़ा है।
क्या है पूरा मामला, FSSAI ने क्यों लिया एक्शन?
बिसलेरी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई। निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
यानी शुरुआती जांच में एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी। इसके बाद कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को अपील की। बिसलेरी के अनुसार, अपील के बाद FSSAI ने उसी नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब में भेजा।
कंपनी का दावा है कि रेफरल लैब ने जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई। हालांकि, उसी लैब ने नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी को अलग से चिह्नित किया। बिसलेरी का कहना है कि दोनों जांचों के नतीजों में अंतर होने के कारण उसने इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा था।
बिसलेरी ने अपनी लैब से भी कराई जांच
कंपनी ने अपने बयान में बताया कि उसने उसी नमूने की स्वतंत्र रूप से FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में भी जांच कराई। बिसलेरी के अनुसार, इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई।
कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को औपचारिक पत्र के साथ स्वतंत्र जांच की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी। बिसलेरी का कहना है कि इसके बाद उसे नियामक की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली। कंपनी ने यह भी दावा किया कि उसे ईमेल या डाक के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला और वह FSSAI की वेबसाइट पर भी संबंधित नोटिस नहीं खोज पाई।
कहा- पीने के लिए सुरक्षित है पानी
बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि पेयजल की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, उसकी 10 चरणों वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 90 से अधिक तरह के गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी ने कहा कि वह नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ सहयोग करती रहेगी। साथ ही उसने दोहराया कि बिसलेरी का पानी पीने के लिए सुरक्षित है।
FSSAI ने क्या आरोप लगया है?
खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के बोतलबंद पानी का नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया था। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। नियामक ने जांच के लिए बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से ’पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर)’ का नमूना लिया था। एफएसएसएआई ने कहा कि नमूना ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया। इस प्रयोगशाला ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया।
नियामक ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई है।
