शहर

बिहार में पप्पू यादव का काफिले का एक्सीडेंट, गड्ढे में गिरी एस्कॉर्ट गाड़ी, रास्ते से ही लौटे सांसद

Bihar News: कटिहार के सालमारी जाते समय कुम्हारी पेट्रोल पंप के पास सांसद पप्पू यादव की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 5 लोग घायल हो गए।

Image

पप्पू यादव के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट टीम हुई हादसे का शिकार (फोटो- rajeshranjanpappuyadav )

Bihar News: बिहार के कटिहार जिले में रविवार रात पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव का काफिला सड़क हादसे का शिकार हो गया। सांसद एक निजी कार्यक्रम में जा रहे थे, इसी दौरान काफिले में शामिल एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कुम्हारी के पास एक निर्माणाधीन पुल के नजदीक हुए इस हादसे में वाहन में सवार पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

कहां हुआ हादसा?

कटिहार के सालमारी में एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने जाते समय यह हादसा कदवा थाना क्षेत्र के कुम्हारी पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी मिलते ही कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले पप्पू यादव, अपने सहयोगियों की मदद से गाड़ी में फंसे सुरक्षाकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकलवाया।

इस घटना को लेकर पप्पू यादव की ओर से कहा गया कि कुम्हरी के समीप हल्दरपुर–कोच्चखाली बाड़ी पुल का निर्माण पिछले करीब तीन वर्षों से चल रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं है। गनीमत रही कि सांसद बाल-बाल बच गए। निर्माणाधीन पुल के आसपास न चेतावनी बोर्ड है, न बैरिकेडिंग और न ही उचित डायवर्जन की व्यवस्था, जबकि आगे गहरी खाई मौजूद है।

पप्पू यादव की ओर से कहा कि इस लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभाग और संवेदक की जवाबदेही तय करने तथा तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

बीच रास्ते से लौटे सांसद?

इस हादसे के बाद सांसद पप्पू यादव ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया और वापस लौट गए। पप्पू यादव कुम्हरी से ही पूर्णिया के लिए रवाना हो गए। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों और घायल सुरक्षाकर्मियों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। मामले में आगे के विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article