बॉलीवुड

Kareena Kapoor ने Mira Rajput से पूछ लिया तीसरे बच्चे का सवाल, शाहिद की पत्नी ने दिया मजेदार जवाब

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 30, 2026, 12:09 PM IST

What Women Want Promo: करीना कपूर और मीरा राजपूत की एक साथ बातचीत का वीडियो सामने आया है। इस दौरान दोनों के बीच कई दिलचस्प बातें हुईं, जिनमें एक सवाल ने सबका ध्यान खींच लिया।

Image

करीना कपूर ने शाहिद की पत्नी मीरा राजपूत से पूछा- एक और बच्चा होगा? मिला ऐसा जवाब (Image Source: Reddit)

Kareena Kapoor What Women Want Promo: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर (Kareena Kapoor) और मीरा राजपूत (Mira Rajput) इन दिनों अपनी एक बातचीत को लेकर चर्चा में हैं। दोनों हाल ही में करीना के चैट शो ‘व्हाट वीमेन वांट’ (What Women Want) के नए सीजन के लिए साथ नजर आईं। इस बातचीत का प्रोमो सामने आने के बाद से ही फैंस की दिलचस्पी बढ़ गई है। इसकी एक वजह दोनों का साथ आना भी है, क्योंकि करीना कपूर और शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) एक समय रिलेशनशिप में रह चुके हैं। अब शाहिद की पत्नी मीरा के साथ करीना की बातचीत में हंसी-मजाक के साथ कई दिलचस्प सवाल-जवाब देखने को मिले। इसी दौरान करीना ने मीरा से कुछ ऐसा पूछ लिया, जिस पर उनका जवाब भी काफी मजेदार था।

तीसरे बच्चे की अफवाह पर मीरा ने दिया जवाब

शो के प्रोमो में करीना कपूर मीरा राजपूत से पूछती हैं कि उन्होंने अपने बारे में अब तक की सबसे बेतुकी अफवाह कौन सी सुनी है। इस पर मीरा बताती हैं कि उनके और शाहिद के एक और बच्चा होने की खबर सबसे अजीब अफवाहों में से एक है। मीरा की बात सुनकर करीना मजाकिया अंदाज में कहती हैं, 'हो भी सकता है।' इस पर मीरा तुरंत जवाब देती हैं, 'बिल्कुल नहीं, हमारा हो गया।' बता दें कि शाहिद कपूर और मीरा राजपूत की शादी साल 2015 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी मीशा और बेटा जैन। ऐसे में मीरा का यह जवाब बातचीत का खास हिस्सा बन गया।

करीना ने खुद को बताया 'वॉन्टेड बॉलीवुड वाइफ'

बातचीत के दौरान मीरा करीना से कहती हैं कि वो एक बॉलीवुड स्टार हैं। इस पर करीना मजाकिया अंदाज में जवाब देती हैं कि वो बॉलीवुड स्टार तो हैं, लेकिन साथ ही 'वॉन्टेड बॉलीवुड वाइफ' भी बनना चाहती हैं। दोनों के बीच ये हल्का-फुल्का मजाक प्रोमो में देखने को मिलता है। इसके अलावा मीरा ने शादीशुदा जिंदगी को लेकर भी अपनी एक सलाह साझा की। उन्होंने बताया कि साल की शुरुआत में ही पतियों को अपनी पत्नियों से पूछ लेना चाहिए कि उन्हें क्या गिफ्ट चाहिए। इससे उन्हें अपनी पसंद का तोहफा मिल सकता है। करीना को मीरा का ये सुझाव पसंद आया और उन्होंने कहा कि यह काफी अच्छा आइडिया है। शो में करीना ने मीरा से ये भी पूछा कि किसी महिला से बहस करते समय लड़कों को सबसे पहला नियम क्या याद रखना चाहिए। मीरा ने इसका जवाब देते हुए कहा, 'मान जाओ। मत करो।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article