बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर लोगों में उत्साह अब भारत तक ही सीमित नहीं है। फिल्म की चर्चा पड़ोसी देश पाकिस्तान तक पहुंच गई है, जहां कराची में रहने वाले हिंदुओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोग फिल्म के पोस्टर हाथों में लेकर ढोल की धुन पर नाचते और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते नजर आ रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-करवा चौथ पर नमित मल्होत्रा ने दिया खास तोहफा, ‘रामायण’ का गाना ‘जुड़ी जोड़ी’ रिलीज)
कराची में फिल्म के पोस्टर लेकर निकले लोग
यह वीडियो सुमित चांगरा नाम के एक व्यक्ति ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। इसमें कराची की सड़कों पर बच्चे, महिलाएं और पुरुष ‘रामायण’ के पोस्टर लेकर जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में एक महिला फिल्म की तारीफ करती है और इसके सुपरहिट होने की उम्मीद जताती है। वहीं, कुछ महिलाएं ढोल की धुन पर नाचती नजर आती हैं। बच्चे भी फिल्म को लेकर उत्साहित हैं और लोगों से इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील करते हैं। वीडियो में लोग जुबिन नौटियाल के मशहूर भजन ‘मेरे घर राम आए हैं’ को गाते भी सुनाई देते हैं। आखिर में कुछ लोग फिल्म का पोस्टर लेकर कराची के एक पुराने मंदिर पहुंचते हैं और उसे मंदिर के बाहर लगाते हैं। वीडियो में सुमित बताते हैं कि पाकिस्तानी हिंदू हर साल दिवाली मनाते हैं और इस बार वे त्योहार के साथ ‘रामायण’ की रिलीज का भी जश्न मनाएंगे। उन्होंने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और निर्देशक नितेश तिवारी को शुभकामनाएं भी दीं।
नितेश तिवारी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी फिल्म रामायण की कहानी रिश्तों और उनसे जुड़ी भावनाओं पर आधारित है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। खबरों के मुताबिक, फिल्म में सनी देओल के हनुमान के रूप में परिचय के लिए पोस्ट-क्रेडिट सीन भी हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म के दोनों भागों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
