हनुमान अंश (Hanuman Ansh) की सफलता के बीच फिल्म की टीम सोमवार को नैनीताल के कैंची धाम पहुंची और नीम करौली बाबा के दर्शन किए। खास बात यह है कि टीम यहां डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की अपील के एक दिन बाद पहुंची। विशाल ने कैंची धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए लोगों से वहां जाने से पहले हालात की जानकारी लेने को कहा था। हालांकि, टीम ने वहां पहुंचकर व्यवस्थाओं की तारीफ की। कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए अच्छे इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आश्रम में चल रहे काम की भी तारीफ की। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Bollywood की शक्ल बदल देंगी ये 5 अपकमिंग Superhero Movies)
कैंची धाम पहुंची हनुमान अंश की टीम
फिल्म हनुमान अंश के लीड एक्टर्स शोभिनाव सतैया, पूर्णिमा तिवारी और प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने कैंची धाम के अपने अनुभव को यादगार बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी शुक्रिया अदा किया, जिनकी मदद से उन्हें कैंची धाम जाने और नीम करौली बाबा के दर्शन करने का मौका मिला। टीम ने कहा कि वहां अच्छी व्यवस्था होने की वजह से उन्हें बिना किसी परेशानी के बाबा के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने का मौका मिला। एक्टर शोभिनाव ने एएनआई से बातचीत में कहा, 'हमारी पूरी टीम को कैंची धाम जाने का मौका मिला। हम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, जिन्होंने हमें यहां आने के लिए बुलाया। हमने बाबा का आशीर्वाद लिया और यह हमारे लिए बहुत भावुक पल था। हमें उत्तराखंड के रंगोत्सव 2026 में शामिल होने का मौका भी मिला।'
बताते चलें कि इससे एक दिन पहले रविवार को डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था। उन्होंने कैंची धाम में कथित तौर पर बढ़ रही भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से वहां जाने से पहले मौजूदा हालात की जानकारी लेने की अपील की थी। विशाल ने कहा था, 'कैंची धाम में बहुत ज्यादा भीड़ है और लोगों का कहना है कि इसकी एक वजह ‘हनुमान अंश’ का प्रभाव भी है। अगर ऐसा है और अगर ऐसा नहीं भी है, तब भी लोगों को वहां जाने से पहले मौजूदा हालात की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।' उन्होंने आगे कहा था, 'अगर वहां ज्यादा भीड़ है तो मेरी विनम्र अपील है कि दूसरी जगह जाने पर विचार करें। ऐसी स्थिति का हिस्सा न बनें, जहां महिलाओं और बच्चों को परेशानी हो या लोग ट्रैफिक में फंस जाएं।'
