बॉलीवुड

मां के निधन के बाद Govinda ने की थी आत्महात्या की कोशिश, डेविड धवन संग काम न करने पर तोड़ी चुप्पी

  • Authored by: अभय
  • Updated Aug 9, 2026, 06:01 PM IST

Govinda on Career And Personal Life: गोविंदा ने अपनी जिंदगी के एक बेहद मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि मां के निधन के बाद वो किस तरह टूट गए थे और एक बड़ा फैसला लिया था।

Image

गोविंदा ने किया ये खुलासा (Image Source: AI/ ANI)

Govinda on Career And Personal Life: बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर गोविंदा (Govinda) इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। गोविंदा की लाइफ से जुड़े एक के बाद एक अपडेट सामने आते रहते हैं। कभी उनकी वाइफ सुनीता आहूजा (Sunita Ahuja) कोई बयान दे देती है, तो कभी गोविंदा के किए गए खुलासे लोगों को हैरान कर देते हैं। इन सब के बीच गोविंदा ने अपनी जिंदगी के उस दौर के बारे में बात की, जिसे याद करना आज भी उनके लिए आसान नहीं है। एक बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी मां के निधन के बाद की दिनों को याद किया। तो चलिए जानते हैं गोविंदा ने क्या खुलासा किया।

गोविंदा ने किया ये खुलासा

एक्टर गोविंदा एक बार फिर से खबरों में आ गए हैं। इसकी वजह गोविंदा का अभी हाल ही में दिया एक इंटरव्यू है। इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि जब उनकी मां का निधन हुआ था, तो वो खुद को संभाल नहीं पाए थे। एएनआई से बातचीत में गोविंदा ने याद किया कि 1996 में मां के निधन के बाद वे 'बहुत ज्यादा दर्द' में थे और उन्हें लगा जैसे सब कुछ खत्म हो गया हो।उन्होंने कहा, 'मैं बहुत दर्द में था। बहुत ज्यादा दर्द में। उस वक्त लगा जैसे सब खत्म, बस इतना ही।' नर्मदा नदी वाली घटना याद करते हुए एक्टर ने कहा, 'मैं नर्मदा नदी पर था। सोचा थोड़ा और अंदर चला जाऊं, शायद मां से फिर मुलाकात हो जाए। सो नदी में चला गया।' जब उनसे पूछा गया कि क्या वे आत्महत्या करने की कोशिश कर रहे थे, तो गोविंदा ने जवाब दिया, 'कुछ-कुछ वैसा ही। मैं मां से बहुत जुड़ा हुआ था। उनसे बहुत प्यार करता था।' गोविंदा ने बताया कि एक साधु, जिन्हें वे अब राम कुंडल के नाम से याद करते हैं, उनके पास आए और उन्हें नदी से बाहर निकाला।

राजेश खन्ना को लेकर कही ये बात

गोविंदा ने दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना से अपनी पहली मुलाकात को याद किया और बताया कि उनकी नजर में राजेश खन्ना और धर्मेंद्र अन्य सितारों से अलग क्यों थे। उस मुलाकात को याद करते हुए गोविंदा ने राजेश खन्ना को 'बहुत सभ्य और मासूम' बताया। उन्होंने याद किया कि राजेश खन्ना ने उनसे पूछा था, 'गोविंद, तुम वहां क्यों नहीं हो जहां तुम्हें होना चाहिए?' राजेश खन्ना और धर्मेंद्र के स्टारडम के तरीके पर खास बात करते हुए गोविंदा ने कहा कि दोनों अभिनेता अपने प्रोफेशनल काम को बहुत सोच-समझकर प्लान और अंजाम देते थे। गोविंदा ने आगे कहा, 'उन्होंने कभी जानबूझकर अपनी इमेज बनाने में खुद को नहीं उलझाया। वे अपने काम पर ध्यान देते थे। उनका काम ही उनकी इमेज बनाता था।' गोविंदा ने कहा कि अतीत में बार-बार खारिज किए जाने ने उन्हें और मजबूत बनाया और अपनी बार-बार की वापसी को उन्होंने 'किस्मत' बताया।

'मेरी फिल्में नहीं चलेंगी'

कई बार तो उनके गाने फिल्मों से भी ज्यादा पॉपुलर हो जाते थे। गोविंदा ने खुद एएनआई के इंटरव्यू में ये बात मानी। उन्होंने कहा, 'मुझे ये पता था कि मेरी फिल्में नहीं चलेंगी, मेरी फिल्मों के गाने (ज्यादा) चलेंगे। गोविंदा ने करिश्मा कपूर के साथ ‘राजा बाबू’ के गाने ‘सरकाई लो खटिया’ की शूटिंग का किस्सा भी सुनाया। गोविंदा ने कहा कि 'सरकाई लो खटिया मेरे करियर का सबसे अच्छा गाना है। मैंने करिश्मा से कहा लोग जितना चाहें तुम्हें लोलो और मुझे चीची के नाम से पुकारें, लेकिन ये शॉट देखने के बाद पूरी पिक्चर एक तरफ और इस गाने के लिए जो तालियां बजेंगी वो एक तरफ। मैंने डेविड धवन से कहा कैमरा रोल करे, मैंने हवा में लेफ्ट टर्न लिया और करिश्मा के उस तरफ से दूसरी तरफ आ गया। डेविड को उम्मीद नहीं थी कि मैं ऐसा करूंगा क्योंकि चोट लग सकती थी, लेकिन लाइफटाइम का जो नशा चढ़ा रहता है वो उस वक्त था।'

डेविड धवन संग क्यों नहीं करते काम?

गोविंद और डेविड धवन की जोड़ी ने कई फिल्मों में साथ में धमाल मचाया, दोनों की मूवीज हिट भी रही। लेकिन अब डेविड धवन और गोविंदा साथ काम नहीं करते। इसको लेकर गोविंदा ने अब बताया कि उन्होंने डायरेक्टर के साथ काम करना क्यों बंद कर दिया। एक्टर ने कहा कि 'हमने साथ में 17 फिल्में कीं। जिस वक्त उन्हें ऐसा लगा कि समय आ गया है कि मैं गोविंदा के साथ और आगे नहीं बढ़ पाऊंगा, वे रुक गए। मैं चाहता था कि हम 18वीं और 19वीं फिल्म भी साथ करें, लेकिन उन्होंने नहीं की। तो मुझे लगा कि वे अपनी सोच के मुताबिक चल रहे हैं। मुझे कभी कोई शक नहीं हुआ। गोविंदा ने आगे कहा कि 'कभी-कभी मैं उनसे नाराज हो जाता था। फोन करता था और वे समझ जाते थे। अब भी जब मेरी बात आती है तो वे रोने लगते हैं। वे सच्चे हैं। अच्छे इंसान हैं। अभी जब उनकी फिल्म आने वाली थी तो फोन किया था। मुझे लगा उनसे मुलाकात करनी चाहिए। रिलीज के बाद उन्होंने मुझे कॉल किया और कहा कि तू अपनी तकलीफ से बाहर निकल।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article