Gadar 2: सनी देओल और अमीषा पटेल की सुपरहिट फिल्म गदर के सीक्वल का फैंस बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म का दूसरा पार्ट गदर 2 कुछ ही महीनों बाद 11 अगस्त 2023 को रिलीज होने वाला है। फिल्म को लेकर पहले से ही काफी हाइप बनी हुई है। गदर के दूसरे पार्ट में भी अमीषा पटेल और सनी देओल ही लीड रोल में नजर आने वाले हैं। सिर्फ इतना ही नहीं फिल्म गदर में तारा और सकीना के बेटे का किरदार निभाने वाले उत्कर्ष शर्मा भी फिल्म के दूसरे पार्ट में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। अब खबर सामने आ रही है कि गदर 2 को हिट बनाने के लिए मेकर्स फिल्म गदर को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज करवाना चाहते हैं। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।
दोबारा रिलीज होगी गदर?
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म गदर को अगले महीने 9 जून को मल्टीप्लेक्स चेन और सिंगल स्क्रीन पर दोबारा रिलीज किया जाने वाला है। ताकि फैंस फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर और भी ज्यादा एक्साइटेड हो जाएं। अभी गदर 2 का टीजर या ट्रेलर रिलीज नहीं किया गया है। हालांकि फिल्म के कुछ पोस्टर ही सोशल मीडिया पर रिलीज किए गए हैं। फिल्म गदर को थिएटर में दोबारा रिलीज करवाने की मेकर्स की प्लानिंग काफी अच्छी साबित हो सकती है।
बता दें कि मीडिया रिपोर्ट में ये भी दावा किया जा रहा है कि फिल्म को 4K में बदला जाएगा। इसके साथ ही साउंड क्वालिटी को भी बेहतर किया जाने वाला है। फिल्म गदर 2 को रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल से तगड़ा कॉम्पिटिशन मिलने वाला है। रणबीर कपूर, बॉबी देओल और रश्मिका मंदाना स्टारर एनिमल भी 11 अगस्त 2023 को ही रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि कौन सी फिल्म बड़े पर्दे पर हिट साबित होती है।
