बॉलीवुड

Baatein Dil Se: 'मैं बहुत छोटी थी'- Neelam Kothari ने गोविंदा संग अफेयर की अफवाह पर तोड़ी चुप्पी

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 12, 2026, 08:03 AM IST

Neelam Kothari on Affair Rumours With Govinda: टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के चर्चित पॉडकास्ट ‘बातें दिल से’ में नीलम कोठारी ने अपने करियर, रिश्तों और गोविंदा से जुड़ी अफेयर की खबरों पर खुलकर बात की।

Image

नीलम कोठारी ने किया ये खुलासा (Image Source: Times Now Youtube)

Neelam Kothari on Affair Rumours With Govinda: टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार का चर्चित पॉडकास्ट ‘बातें दिल से’ (Baatein Dil Se) लगातार बॉलीवुड सितारों की अनसुनी कहानियों को सामने ला रहा है। इस बार शो में एक्ट्रेस नीलम कोठारी (Neelam Kothari) मेहमान बनीं। नीलम ने इस खास बातचीत में अपने लंबे फिल्मी सफर से लेकर निजी जिंदगी और इंडस्ट्री में बिताए शुरुआती दिनों तक कई बातों पर खुलकर चर्चा की। बातचीत के दौरान जब उनसे गोविंदा (Govinda) के साथ उनके पुराने रिश्ते और उस दौर की चर्चाओं के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जिसने एक बार फिर इस पुराने किस्से को चर्चा में ला दिया। नीलम और गोविंदा की जोड़ी 80 और 90 के दशक में पर्दे पर काफी पसंद की जाती थी। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों का खूब प्यार मिला।

नीलम कोठारी ने दिया ये रिएक्शन

‘बातें दिल से’ में नाविका कुमार ने नीलम से उस दौर को लेकर सवाल किया, जब ये चर्चा काफी आम थी कि गोविंदा उन्हें लेकर काफी सीरियस थे और उनसे प्यार करते थे। इस सवाल पर नीलम ने कहा कि 'मुझे नहीं पता। सबसे पहले तो मैं उस वक्त बहुत छोटी थी। और अब मुझे पता चला है कि शायद उस समय वो शादीशुदा थे। सगाई हुई थी या शादी हो गई थी, मुझे सच में नहीं पता।' इस बातचीत में उनके पति समीर सोनी (Samir Soni) ने कहा कि जब भी वो गोविंदा से मिले हैं, वो हमेशा बहुत प्यारे इंसान रहे हैं। इसके बाद नीलम ने एक बार फिर कहा कि उन्हें नहीं पता कि गोविंदा सच में उनसे प्यार करते थे या नहीं। उन्होंने कहा, 'मेरा पूरा ध्यान अपनी हिंदी और डांस पर था। मजाक से अलग हटकर कहूं तो मैं उस वक्त बहुत छोटी थी। मेरे माता-पिता भी बहुत सख्त थे। इसलिए यह कभी कोई ऑप्शन ही नहीं था।'|

पुराने दिनों को किया याद

इसी बातचीत के दौरान नीलम ने फिल्म ‘इल्जाम’ के सेट पर गोविंदा के साथ दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि 'सेट पर ऐसा लगता था जैसे गोविंदा और मेरे बीच मुकाबला चल रहा हो। कौन पहले स्टेप सीखता है? कौन सही करता है? किसे ज्यादा रीटेक देने पड़ रहे हैं? तो यह एक तरह की टफ कॉम्पिटिशन था। वो पूरी तरह फिल्मी थे और मैं अपने पंजों के बल नाचने वाली एक छोटी सी बैलेरिना जैसी थी। मुझे लगता है कि यही हमारा मेल काम कर गया।' एक्ट्रेस ने आगे कहा कि पर्दे पर दोनों की ‘चॉक एंड चीज’ जोड़ी अच्छी तरह काम करती थी।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article