Sonali Bendre OTT Debut from The Broken News: विनय वैकुल द्वारा निर्देशित सीरीज द ब्रोकन न्यूज से मशहूर बॉलीवुड अदाकारा सोनाली बेंद्रे ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। इस सीरीज में सोनाली बेंद्रे एक टीवी न्यूज एंकर के किरदार में नजर आएंगी। ये सीरीज ब्रिटिश सीरीज 'प्रेस' का भारतीय रूपांतरण है जिसमें जयदीप अहलावत, श्रिया पिलगांवकर, इंद्रनील सेनगुप्ता, तारुक रैना, आकाश खुराना और किरण कुमार लीड रोल में नजर आएंगे।
इसकी कहानी मीडिया और प्रेस पर आधारित है। मुंबई में स्थित दो प्रतिद्वंद्वी समाचार चैनल केंद्र में हैं। एक चैनल है जोश न्यूज 24x7 जबकि दूसरा है आवाज भारती। सोनाली बेंद्रे आवाज भारती की एंकर अमीना कुरैशी का रोल निभाती नजर आएंगी। टीवी चैनलों के भीतर की कार्यशैली, प्रतिस्पर्धा, सनसनीखेज खुलासे आदि इस कहानी में जान फूकेंगे। इस फिल्म का ट्रेलर जारी हो चुका है जिसमें दोनों चैनलों के बीच का द्वंद नजर आ रहा है।
बॉलीवुड अदाकाराओं की बात करें तो सुष्मिता सेन और रवीना टंडन लगभग पर्दे से गायब हो चुकी थीं लेकिन ओटीटी के आने से दोनों के करियर को नई दिशा मिली। सुष्मिता सेन की सीरीज आर्या को इतना पसंद किया गया कि उसका दूसरा सीजन भी आया। वहीं रवीना टंडन ने भी अरण्यक से डेब्यू किया और छा गई। अब उसी राह पर सोनाली बेंद्रे चल रही हैं। सोनाली बेंद्रे के डिजिटल डेब्यू की खबर से फैंस खासा उत्साहित हैं।
इस दिन होगा प्रीमियर
सोनाली बेंद्रे की इस सीरीज का प्रीमियर प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म Zee5 पर 10 जून से किया जाएगा। सोशल मीडिया पर इसका टीजर और ट्रेलर सामने आ चुका है और काफी पसंद किया जा रहा है।

