Pandit Bhajan Sopori Passes Away: मशहूर संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी का निधन, 74 की उम्र में ली अंतिम सांस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 2, 2022, 06:21 PM IST

Pandit Bhajan Sopori Passes Away: मशहूर संतूर वादक और संगीतकार पंडित भजन सोपोरी का निधन हो गया और उन्होंने 74 की उम्र में गुरुग्राम के अस्पताल में अंतिम सांस ली।

Pandit Bhajan Sopori Passes Away: मशहूर संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी का निधन, 74 की उम्र में ली अंतिम सांस

Pandit Bhajan Sopori Passes Away: दुनियाभर में मशहूर संतूर वादक और संगीतकार पंडित भजन सोपोरी का निधन हो गया है। उनके बेटे अभय सोपोरी ने यह जानकारी दी। उनका गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था और यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। वो 74 साल के थे। पंडित भजन सोपोरी का जन्म 1948 में श्रीनगर में हुआ था।

कैंसर से थे पीड़ित

पंडित भजन सोपोरी के बेटे अभय ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए इसकी पुष्टि की और बताया, 'हमने एक महान संगीतकार, एक महान इंसान और एक महान पिता को खो दिया। मेरे लिए इस पर विश्वास करना और उसके बिना अपने जीवन की कल्पना करना बहुत मुश्किल है।' अभय ने बताया कि दोपहर 3:30 बजे उनके पिता ने अंतिम सांस ली। वो पिछले तीन हफ्ते से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। वह कैंसर से पीड़ित थे और 73 वर्ष के थे और 22 जून को अपना 74वां जन्मदिन मनाते।

कई देशों में किया प्रदर्शन

पंडित भजन सोपोरी एक कलाकार, संगीतकार, संगीतज्ञ, शिक्षक, लेखक और कवि थे। उन्हें जम्मू और कश्मीर की सस्कृति को देश के बाकी हिस्सों के साथ जोड़ने के लिए जाना जाता है। 1953 में पांच साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला प्रदर्शन दिया था। अपने कई दशकों के करियर में उन्होंने मिस्र, इंग्लैंड, जर्मनी और अमेरिका समेत कई देशों में प्रदर्शन किया।

पद्म श्री से सम्मानित

सोपोरी को वर्ष 1992 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और वर्ष 2004 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। 2009 में उन्हें बाबा अलाउद्दीन खान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके योगदान के लिए उन्हें 2011 में एमएन माथुर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 

End of Article