शहर

UP Election 2027 : मिशन 2027 के लिए BJP का मेगा प्लान, तावड़े की टीम ने संभाली यूपी की कमान; योगी-पाठक-केशव के साथ मंथन

Uttar Pradesh Assembly Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बीजेपी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन, चुनावी रणनीति और क्षेत्रवार फीडबैक पर चर्चा की।

Image

मिशन 2027 के लिए तावड़े की टीम ने संभाली यूपी की कमान

Uttar Pradesh Assembly Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम करना शुरू चुकी है। पार्टी विभिन्न मण्डलों में वोटरों को साधने के लिए बैठकें शुरू कर दी हैं। पिछले दिनों बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा किया था, जिसमें संगठन को मजबूती देने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी और तैयारियों को परखा। इसी बीच यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने लखनऊ में लगातार बैठकें कर संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों को लेकर फीडबैक लिया। तावड़े के साथ यूपी के सह-प्रभारी भी लखनऊ में मौजूद रहे।

प्रदेश बीजेपी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ क्षेत्रीय अध्यक्षों और क्षेत्रीय प्रभारियों की बैठक हुई। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना के साथ-साथ 2027 की तैयारियों को लेकर क्षेत्रवार फीडबैक लिया गया। बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई।

जातीय समीकरण पर चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में केवल चुनावी तैयारियों तक ही चर्चा सीमित नहीं रही। अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच पार्टी की पहुंच, जातीय समीकरण, संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय तथा जमीनी स्तर से मिल रहे फीडबैक को लेकर भी बातचीत हुई।

बीजेपी पहले से ही 2027 के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दे रही है। प्रदेश कार्यालय में संगठन के साथ बैठक के बाद तावड़े और उनकी टीम ने सरकार के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य से हुई बातचीत में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी चुनाव की तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी तावड़े और सह-प्रभारियों की मुलाकात हुई। इस मुलाकात को संगठन और सरकार के बीच चुनावी समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article