Jayeshbhai Jordaar First Song Firecracker Out: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म जयेशभाई जोरदार का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ जिसे काफी पसंद किया गया। अब फिल्म का नया गाना फायरक्रैकर रिलीज हो गया है। मालूम हो कि फिल्म 13 मई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
रिलीज हुआ फिल्म का पहला गाना
फिल्म का पहला गाना फायरक्रैकर रिलीज हो गया है। जिसमें वो बेहतरीन डांस मूवमेंट्स करते दिख रहे हैं। 2 मिनट 38 सेकंड के इस गाने में रणवीर गांव की महिलाओं और स्कूल की बच्चियों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं, जो कि फिल्म की कहानी और इसके मैसेज को दिखाने के एक तरीका है। इस गाने को सिंगर विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी ने आवाज दी है। तो वहीं इसके लिरिक्स जयदीप साहनी, कुमार और वायु के हैं।
'फायरक्रैकर' का टीजर हुआ था रिलीज
इससे पहले रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर शेयर किया था जिसमें रणवीर कहते नजर आए थे, 'जय माता जी। मेरे अंदर जोर का डांस आया पर मैंने किया नहीं। फिर सोचा डांस आ रहा है तो कर दें। अंदर रखने से क्या होगा। तो मेरी वाइफ मुद्रा के आशीर्वाद से मेरी बेटी सिद्धी के मनपसंद गाने पर मेरी जोरदार पेशकश।' इस टीजर को शेयर करते हुए रणवीर ने लिखा था, 'आग लगा देगा #Firecracker 25 अप्रैल को रिलीज होगा। 13 मई को अपने नजदीकि सिनेमाघरों में जयेशभाई जोरदार का जश्न मनाएं।'
कैसी है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी समाज में लड़का और लड़की के बीच हो रहे भेदभाव को दिखाता है। गांव में सरपंच के सामने मुद्दा उठता है कि गांव के लड़के शराब पीकर स्कूल के सामने लड़कियों को परेशान करते हैं जिसके लिए शराब पर रोक लगानी चाहिए, लेकिन सरपंच लड़कियों के खुशबू वाले साबुन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के बात करते हैं। फिल्म में जयेशभाई यानी रणवीर सिंह एक बेटी के पिता है और जल्द ही दूसरी बार पिता बनने वाले हैं। सब चाहते हैं कि उन्हें बेटा हो, इसके लिए लिंग परीक्षण तक करवाया जाता है। जयेशभाई को अगला बच्चा लड़का होगा या लड़की फिल्म की कहानी उसी पर आधारित है।

