मुंबई. रणवीर सिंह आज यानी 6 जुलाई को अपना 35वां बर्थडे मना रहे हैं। साल 2010 में फिल्म बैंड बाजा बारात से अपने करियर की शुरुआत करने वाले रणवीर सिंह आज बॉलीवुड के सबसे सफल एक्टर हैं। रणवीर सिंह बॉलीवुड के मोस्ट एनर्जेटिक एक्टर माने जाते हैं। उन्हें हमेशा हंसता और खिलखिलाता ही देखा गया है। हालांकि, एक इंटरव्यू में रणवीर फूट-फूटकर रोने लगे थे।
सिमी गरेवाल के शो इंडिया मोस्ट डिजाइरेबल में रणवीर को उनके माता-पिता का मैसेज दिखाया जाता है। रणवीर की मम्मी अंजू भवनानी कहती हैं कि- 'रणवीर बुरी चीजों को हमसे शेयर नहीं करता था। जब ये सफल हुआ तब इसने बताया कि स्ट्रगल के दौरान किन चीजों से गुजरा था।'
रणवीर के पिता जगजीत भवनानी ने कहा- 'ये उम्मीदों से कई ज्यादा है। हम जो देख रहे हैं और जो महसूस कर रहे है वह काफी ज्यादा है। बेटा अब मेरे पास तुमसे कुछ मांगने के लिए बचा नहीं है। बस खुश रहो और जैसे हो वैसे ही रहो।'
लुक के कारण हो चुके हैं रिजेक्ट
रणवीर सिंह को करियर के शुरुआती दौर में लुक के कारण फिल्मों से रिजेक्ट किया गया था। रणवीर सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था कि- 'शुरुआत में मुझे अपने लुक्स के कारण रिजेक्शन झेलने पड़े थे।मुझसे कहा गया था कि मैं अच्छा नहीं दिखता हूं।'
रणवीर ने कहा- 'मैं गोरा और लंबा भी नहीं हूं। कई बार मुझे अच्छे मौके मिले पर मैं उन्हें छोड़ता गया। मैं जुआ खेल रहा था और किसी बड़े मौके का इंतजार कर रहा था। मुझे नहीं पता कि क्यों पर कई अच्छे मौके थे जो मैंने अपने हाथ से जाने दिए।'
इन फिल्मों में आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह फिल्म 83 में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं। वहीं, शादी के बाद वह पहली बार दीपिका पादुकोण के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। दीपिका फिल्म में कपिल देव की वाइफ का किरदार निभा रही हैं।
रणवीर सिंह इसके अलावा फिल्म जयेशभाई जोरदार में भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में रणवीर के अपोजिट शालिनी पांडे हैं। साल 2021 में रणवीर सिंह करण जौहर की पीरियड फिल्म तख्त में नजर आएंगे। फिल्म में वह मुगल शहजादे दारा शिकोह का किरदार निभा रहे हैं।

