Anuppur News: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को मानसिक रूप से अस्वस्थ 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने परिवार के चार सदस्यों की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और दो बच्चों समेत चार अन्य लोगों को घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने घटनास्थल से फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया कि मृतकों की पहचान नानी भन्नी बाई (70), नाना संपत सिंह गोंड (75), मां अनुपिया बाई (50) और मामा की बेटी मोनिका के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान प्रेम सिंह गोंड के रूप में हुई है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर करणपाथर थाना क्षेत्र के अमोदा गांव में हुई।
नाना-नानी के घर रह रहा था आरोपी
पुलिस अधीक्षक ने शुरुआती जांच का हवाला देते हुए बताया कि प्रेम सिंह गोंड पारिवारिक कलह के कारण कुछ समय से अपने नाना-नानी के घर अमोदा में रह रहा था। मुराब ने बताया कि आरोपी ने अपने परिवार पर हमला करने से पहले मंदिर के पुजारी को पीट-पीट कर घायल कर दिया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमला देर रात करीब दो बजे से सुबह पांच बजकर 30 मिनट के बीच हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और पुजारी गंगाराम सहित चार अन्य घायल हो गए।
ग्रामीणों ने आरोपी के हाथ-पैर बांधे
अधिकारी ने बताया कि प्रेम सिंह करीब दो बजे शनि मंदिर पहुंचा, जहां उसने गंगाराम पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हंगामा सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रेम सिंह को रस्सी से बांध दिया। पुलिस ने बताया कि घायल पुजारी को उसके रिश्तेदार जबलपुर जिले के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक, इस घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी के हाथ-पैर बांध दिए और घर पर छोड़ दिया।
नाना, नानी, मां और मामा की बेटी पर हमला
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच आरोपी की मां को लगा कि अब वह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएगा, उन्होंने उसकी हाथ-पांव की बंधी रस्सी की खोल दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपनी नाना, नानी, मां और मामा की बेटी पर हमला किया और उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि आंगन में खेल रहे दो बच्चों पर भी उसने हमला किया। एक रिश्तेदार चैन सिंह ने कहा कि हमले के दौरान एक लड़की घर से भागने में सफल रही और उसने उन्हें घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब वह मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने उनपर भी हमला कर दिया। इसके बाद ग्रामीण पहुंचे और आरोपी को काबू में कर उसे फिर से बांध दिया।
तीन साल पहले पत्नी भी छोड़कर चली गई थी
पुलिस ने बताया कि जब तक आरोपी को काबू किया गया, तब तक, संपत सिंह, भन्नी बाई और अनुपिया बाई की मौत हो चुकी थी जबकि घायलों को शहडोल के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, मोनिका की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या चार हो गई। पुलिस ने बताया कि चैन सिंह का एक हाथ टूट गया और सिर में चोट लगी है तथा उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दो अन्य बच्चे चंचल और भारती भी घायल हो गए। चैन सिंह ने दावा किया कि प्रेम का अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने का इतिहास रहा है, जो लगभग तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
