सुशांत की मौत के 2 महीने बाद करण जौहर ने सोशल मीडिया पर की वापसी, शेयर किया ये पोस्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 15, 2020, 03:56 PM IST

Karan Johar back on social media: फिल्ममेकर करण जौहर सोशल मीडिया पर फिर एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने सुशांत की मौत के दो महीने बाद पहली बार पोस्ट शेयर किया है।

सुशांत की मौत के 2 महीने बाद करण जौहर ने सोशल मीडिया पर की वापसी, शेयर किया ये पोस्ट

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को दो महीने से अधिक हो गए हैं। उन्होंने 14 जून को मुंबई में अपने अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद से बॉलीवुड में नेपोटिज्म और गुटबाजी को लेकर बहस छिड़ गई है। सुशांत के फैंस सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म को लेकर स्टार किड्स समेत फिल्ममेकर करण जौहर को जमकर ट्रोल कर रहे हैं। लगातार ट्रोल होने की वजह से करण ने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। उन्होंने अपने वैरिफाइड अकाउंट पर आखिरी पोस्ट सुशांत को श्रद्धांजलि देते हुए किया था। हालांकि, अब करण दो महीने बाद सोशल मीडिया पर फिर एक्टिव हो गए हैं। 

करण जौहर ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्वतंत्रता दिवस को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने तिरंगे की फोटो शेयर करते हुए लिखा है, 'हमारा महान देश....संस्कृतियों, विरासत और इतिहास का खजाना है। सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, जय हिंद।' करण के पोस्ट करने के बाद कई सेलेब्स ने रिएक्शन दिया। नेहा धूपिया ने 'जय हिंद' लिखा और हार्ट इमोजी बनाया। ईशान खट्टर ने 'प्यार' लिखा। वहीं, एक्ट्रेस जान्हवी कपूर, फैशन की दुनिया के 'बादशाह' मनीष मल्होत्रा और मशहूर सिंगर बी प्राक ने कमेंट सेक्शन में हार्ट इमोजी बनाया। 

बता दें कि सुशांत की मौत के बाद करण ने दोनों की तस्वीरे शेयर करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा था। पोस्‍ट में करण ने सुशांत से संपर्क न रख पाने को लेकर दुख जताया था। वहीं, पिछले महीने करण जौहर के एक दोस्त ने खुलासा किया था कि सुशांत की मौत के बाद सोशल मीडिया पर मिल रही लगातार नफरत से वह दुखी हैं। दोस्त ने बताया था कि करण कई सालों से ट्रोल होते रहे हैं और उन्हें लगने लगा था कि उनकी चमड़ी मोटी हो गई है। मगर सुशांत की मौत के बाद जिस तरह उन्हें नफरत का सामना करना पड़ा, उसे देखकर वह बुरी तरह से टूट गए हैं। 

End of Article