Save Democracy Week : चुनाव आयोग के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए कांग्रेस ने 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेव डेमोक्रेसी वीक’ मनाने का फैसला किया है। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत पार्टी ने सभी जिलों में INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों (PCC) और जिला कांग्रेस कमेटियों (DCC) को निर्देश जारी किए हैं। पार्टी ने जिला स्तर पर INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने को कहा है।
तीसरे दिन बड़े पैमाने पर मार्च
निर्देशों के मुताबिक, अभियान के तीसरे दिन सभी जिलों में बड़े पैमाने पर मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, महात्मा गांधी की प्रतिमा या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक जाएगा। मार्च के समापन पर राष्ट्रगान के साथ संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक पाठ किया जाएगा। कांग्रेस के कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाने का भी उल्लेख किया गया है।
बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी अनिवार्य
कांग्रेस ने कार्यक्रमों में CLP नेताओं, PCC पदाधिकारियों, DCC नेतृत्व, सांसदों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग के कथित ‘संस्थागत कब्जे’ के खिलाफ उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
AICC कंट्रोल रूम करेगा निगरानी
‘सेव डेमोक्रेसी वीक’ के तहत होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी के लिए AICC कनेक्ट सेंटर और केंद्रीय कंट्रोल रूम को जिम्मेदारी दी गई है। ये दोनों व्यवस्थाएं जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी और ट्रैकिंग करेंगी।
केसी वेणुगोपाल के निर्देश में सभी PCC और DCC को कार्यक्रम को ‘MOST URGENT’ मानते हुए तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। कांग्रेस का यह अभियान ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी और विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं।
