Riddhima Kapoor Sahni Profile: बॉलीवुड अदाकारा और भट्ट परिवार की लाडली बेटी आलिया भट्ट कपूर खानदान की बहू बनने वाली हैं। जाने माने एक्टर रणबीर कपूर को वह अपना हमसफर चुनने वाली हैं। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और 14 अप्रैल को दोनों की शादी की रस्में पूरी होंगी। रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी अपने छोटी भाई की शादी के लिए काफी उत्साहित हैं। वह भाई की शादी के लिए हर छोटी चीज का खयाल खुद रख रही हैं।
रणबीर कपूर की बड़ी बहन रिद्धिमा कपूर साहनी (Riddhima Kapoor Sahni) लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। रिद्धिमा कपूर साहनी का जन्म 15 सितंबर 1980 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी लंदन में अमेरिकन इंटरकांटिनेंटल यूनिवर्सिटी से डिजाइनिंग और मार्केटिंग में स्नातक किया है। फिल्मी घराने से आने के बावजूद उन्होंने फिल्मों में करियर ना बनाकर फैशन डिजाइनर बनने का फैसला किया।
मां और पापा के बेहद करीब
रिद्धिमा कपूर साहनी अपनी मां नीतू कपूर के काफी करीब हैं। बीते साल मदर्स डे पर उन्होंने अपनी मां नीतू कपूर संग कुछ तस्वीरें शेयर कर मदर्स डे की शुभकामनाएं दी थीं। इसके साथ रिद्धिमा ने लिखा, 'हैप्पी मदर्स डे टू माई मोस्ट ब्यूटीफुल।' रिद्धिमा अक्सर ऋषि की तस्वीरें पोस्ट कर उन्हें याद करती रहती हैं। वे अपने पापा के सबसे करीब थीं।
करोड़ों की प्रॉपर्टी की मालकिन
अपनी मां के साथ रिद्धिमा कई फैशन मैगजीन के कवर पेज पर दिखाई दे चुकी हैं। रिद्धिमा आज एक सफल ज्वैलरी डिजाइनर हैं, जिनकी ज्वैलरी के चर्चे दूर-दूर तक हैं। रिद्धिमा 'आर ज्वैलरी' नाम के ब्रैंड की मालकिन हैं और वो अकेले ही करोड़ों की प्रॉपर्टी रखती हैं। उन्होंने 25 जनवरी 2006 को व्यवसायी भरत साहनी से शादी कर ली और उन्हें समारा साहनी नाम की एक बेटी भी है।

