एक्टर इमरान खान ने लिया पत्नी अवंतिका मलिक से अलग होने का फैसला, लंबे समय से रह रहे हैं अलग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 16, 2022, 08:42 AM IST

एक्टर इमरान खान ने साल 2011 में गर्लफ्रेंड अवंतिका मलिक से शादी की थी और साल 2014 में दोनों पेरेंट्स भी बने। लेकिन दोनों का रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका। जानें क्या है दोनों के रिश्ते में परेशानी।

एक्टर इमरान खान ने लिया पत्नी अवंतिका मलिक से अलग होने का फैसला, लंबे समय से रह रहे हैं अलग

बॉलीवुड एक्टर इमरान खान ने साल 2008 में फिल्म 'जाने तू या जाने ना' से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसे काफी पसंद किया गया। हालांकि डेब्यू फिल्म के बाद उनकी और कोई फिल्म धमाल नहीं मचा पाई। इमरान अपनी प्रोफेशनल लाइफ की जगह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अब खबरें हैं कि उन्होंने और उनकी पत्नी अवंतिका मलिक ने अलग होने का फैसला कर लिया है।

साल 2019 से रह रहे अलग

इमरान और उनकी पत्नी अवंतिका के रिश्ते पिछले कुछ समय से खराब चल रहे थे और दोनों एक दूसरे से अलग रह रहे हैं। मालूम हो कि इस कपल ने लंबे समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद साल 2011 में शादी की थी। शादी के बाद जून 2014 में उनकी बेटी इमारा का जन्म हुआ। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आ गई और दोनों ने अलग रहने का फैसला किया और साल 2019 में अवंतिका घर छोड़कर अपने माता- पिता के घर चली गईं।

परिवार ने की सुलह की कोशिश

रिपोर्ट्स के मुताबिक इमरान को काम नहीं मिलने के चलते उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके चलते दोनों के बीच झगड़े होते थे और इसका असर उनकी बेटी पर पड़ रहा था। इसके चलते 24 मई 2019 को अवंतिका इमरान का घर छोड़कर अलग रहने चली गई थीं। दोनों के परिवारों ने इमरान और अवंतिका के बीच सुलह करवाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। अवंतिका पिछले कुछ वर्षों से अपनी बेटी इमारा के साथ अपने माता-पिता के घर पर रह रहीं हैं। 

अवंतिका ने किया था ये पोस्ट

अवंतिका ने अक्टूबर 2020 में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया था और शादी व तलाक दोनों को ही मुश्किल बताया था। इस पोस्ट में लिखा था कि जिंदगी किन- किन तरीके से मुश्किल हो सकती है। अवंतिका ने जो पोस्ट शेयर किया उसमें लिखा था, 'शादी मुश्किल है। तलाक मुश्किल है। अपना मुश्किल चुनें। मोटापा मुश्किल है। फिट रहना मुश्किल है। अपना मुश्किल चुनें। कर्ज में रहना मुश्किल है। आर्थिक रूप से अनुशासित होना मुश्किल है। अपना मुश्किल चुनें। संपर्क करना मुश्किल है। संपर्क नहीं करना मुस्किल है। अपना मुश्किल चुनें। जिंदगी कभी आसान नहीं होती। यह हमेशा मुश्किल ही रहेगी। लेकिन हम सोच समझकर फैसला लेना पड़ेगा।' 

End of Article