Apne 2 Is Happening: बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया। धर्मेंद्र अपने पीछे एक बड़ी विरासत छोड़ गए। बॉलीवुड के तमाम सेलेब्स धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे थे। आज यानी 27 नवम्बर के दिन हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर इस दिग्गज अभिनेता और पति धर्मेंद्र के साथ बिताए कुछ 'यादगार पल' को फैन्स के बीच साझा किया। धर्मेंद्र के निधन के बाद मशहूर निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि अब 'अपने 2' नहीं बन सकती। अनिल शर्मा ने यहां तक कह दिया था कि बिना धरम जी के इस मूवी को बनाना नामुमकिन है।
'अपने 2' नहीं हुई बंद
अनिल शर्मा के इस बयान के बाद धर्मेंद्र के फैन्स काफी निराश हो गए थे। अब निर्माता दीपक मुकुट ने धर्मेंद्र के फैन्स के लिए एक राहत भरी खबर साझा की है। 'अपने' के सीक्वल के बारे में बात करते हुए दीपक मुकुट ने न्यूज एजेंसी बताया, 'लोगों की बेवजह की अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए। यह फिल्म बनेगी और यह पूरे उत्साह के साथ बनाई जाएगी। हम इस मूवी पर काम कर रहे हैं। यह सवाल कभी उठा ही नहीं कि ये फिल्म नहीं बनेगी। 'अपने 2' न केवल ट्रैक पर है बल्कि हमारे बैनर द्वारा शुरू की गई सबसे भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक है।'
दीपक मुकुट ने आगे कहा, 'अपने मूवी धरम जी से ताल्लुक रखती है। उनकी उपस्थिति, उनकी गर्मजोशी, उनकी आत्मा, हर वो चीज जिसके लिए वो खड़े रहे, ने उस फिल्म को वो बनाया जो वो बनी। 'अपने 2' मेरे दिल के बेहद करीब है। कई मायनों में यह फिल्म धरमजी के लिए एक श्रद्धांजलि होगी। हम चाहते हैं कि सीक्वल उनका, उनके मूल्यों का, और देओल परिवार के साथ उनके द्वारा रची गई इमोशनल दुनिया का जश्न मनाए।'
