Adipurush Occupancy Report Day 1: साउथ के स्टार प्रभास की फिल्म आदिपुरुष को ओपनिंग डे (रिलीज के पहले दिन) पर ब्लॉकबस्टर सरीखा रिस्पॉन्स मिला। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस बात के संकेत फिल्म से जुड़ी ऑक्यूपेंस रिपोर्ट से मिले। पहले दिन की ऑक्यूपेंसी रिपोर्ट पर यकीन करें तो आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के क्षेत्रों में जो थियेटर और सिनेमा हॉल्स थे, वे 99 फीसदी तक भरे पाए गए, जबकि कर्नाटक के बेंगलुरू रीजन में यह आंकड़ा 70 फीसदी दर्ज किया गया। मुकम्मल तौर पर समूचे भारत के हॉल्स के ऑक्यूपेंसी रेट की बात करें तो यह 50 से 55 फीसदी मिला।
वैसे, इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत मिलने की उम्मीद है। कुछ बिजनेस एक्सपर्ट्स की मानें तो फिल्म रिलीज के पहले दिन 80 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर सकती है, जबकि मीडिया रिपोर्ट्स पर यकीन करें तो यह 500 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई है। यह 16 जून, 2023 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
पीवीआर आईएनओएक्स लिमिटेड (कंपनी) के सीईओ गौतम दत्ता ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा बताया, "पहले वीकेंड के लिए तीन लाख से अधिक बुकिंग" हो चुकी है। यह इस तिमाही की बड़ी फिल्मों में से एक होगी। यह सबसे अधिक तेलुगू और हिंदी में कमाई करेगी...प्रभास साउथ में खासा पॉपुलर हैं और उन्हें उत्तरी क्षेत्र में भी पसंद किया जाता है। यह देखते हुए लगता है कि फिल्म को एक विशाल ‘ओपनिंग’ मिल सकती है।’’ फिल्म ओपनिंग डे पर ‘‘करीब 80 से 85 करोड़ रुपए’’ की कमाई कर सकती है। आदिपुरुष को काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और यह ठीक वैसी ही है, जैसी शाहरुख खान अभिनीत ‘पठान’ को मिली थी।
