भोजपुरी

करणी सेना ने दी पवन सिंह चेतावनी, ज्योति सिंह के आंसू देखकर खौला खून

Pawan Singh-Jyoti Singh Fight: भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े स्टार्स में से एक पवन सिंह की निजी जिंदगी इन दिनों सोशल मीडिया पर छायी हुई है। पवन सिंह की पत्नी का वीडियो जब से इंटरनेट पर वायरल हुआ है, तब से ही लोग इस मामले में खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं और अब तो इस लड़ाई में करणी सेना की भी एंट्री हो गई है।

Pawan Singh Karni Sena

Image Source: Pawan Singh/Veer Pratap

Pawan Singh-Jyoti Singh Fight: बिहार चुनाव के लिए पवन सिंह राइज एंड फॉल से बाहर आए थे। इस शो में वो धमाल मचा रहे थे और पूरा देश उनका फैन बनता जा रहा था। पवन सिंह को लगा था कि बिहार चुनाव उनकी किस्मत बदल देंगे, जिस कारण वो अश्नीर ग्रोवर का शो छोड़कर चुनावी मैदान में उतरे लेकिन इससे पहले कि वो चुनावी रण में ढंग से उतर पाते, उससे पहले ही उनका रथ उनकी ही पत्नी ज्योति सिंह ने रोक दिया है। पवन सिंह की पत्नी का वीडियो इस वक्त इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है और हर कोई उनकी आंखों से निकलने वाले आंसू देखकर दंग हैं। हर कोई ये जानना चाहता है कि कुछ दिनों पहले तक जो स्टार करोड़ों लोगों की मुस्कुराहट की वजह था, आखिरकार वो कैसे खुद की ही पत्नी के आंसुओं का कारण बन गया?

ये पहली बार नहीं है जब किसी स्टार की घरेलू लड़ाई चर्चा में आई है। बॉलीवुड में भी तमाम हस्तियां हैं, जिनकी लड़ाई ने सुर्खियां बटोरी हैं लेकिन पति-पत्नियों के बीच हुई ये लड़ाइयां हमेशा चार दीवारों के भीतर रही हैं लेकिन पवन सिंह और ज्योति की लड़ाई घर से बाहर निकलकर सोशल मीडिया पर छा गई है। बीते दिन पवन सिंह की पत्नी का एक वीडियो इंटरनेट पर छाया रहा, जिसमें वो रो-रोकर पवन सिंह पर धोखाधड़ी और धमकियां देने के आरोप लगाती दिखाई दीं। ज्योति सिंह का वीडियो वायरल होता देख पवन सिंह ने अपने हिस्से की बात लोगों के सामने रखी और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया।

पवन सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'मैं अपने जीवन में एक ही बात जानता हूं कि जनता मेरे लिए भगवान है। क्या मैं आप सबकी जनभावना को ठेस पहुंचाऊंगा, जिनकी बदौलत मैं यहां तक पहुंचा हूं। ज्योति सिंह जी क्या ये सच नहीं है कि कल सुबह आप मेरी सोसायटी में आई तो मैंने ससम्मान आपको अपने घर पर बुलाया और करीब 1.30 घंटे हम लोगों की वार्तालाप हुई। आप बस एक ही रट लगाए रहीं कि मुझे चुनाव लड़वाइए कैसे भी, जो कि मेरे बस की बात नहीं है। समाज में भ्रम फैलाया गया कि मैंने पुलिस को बुलाया जबकि सच्चाई ये है कि पुलिस सुबह से ही मौजूद थी ताकि उनकी मौजूदगी में सारी बातें हो। कहीं भी आपके साथ आए लोगों के द्वारा या किसी और के द्वारा कोई अनहोनी न हो।'

जहां एक तरफ पवन सिंह ने ये पोस्ट किया और अपनी बात रखी, वहीं पर इस मामले में दूसरी तरफ करणी सेना की एंट्री हो गई है। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पवन सिंह को अल्टीमेटम दे दिया गया है कि अगर उनकी गलती हुई तो उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बताया है कि उन्होंने ज्योति सिंह के साथ बात की है। वीर प्रताप सिंह ने एक वीडियो इंटरनेट पर शेयर किया है, जिसमें वो ज्योति के साथ बात करते नजर आ रहे हैं। वीर प्रताप सिंह ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, "अगर ज्योति से मिलने के बाद ये लगा की इस बिटिया के साथ बुरा हो रहा है तो उसकी लड़ाई बस उसी की नहीं रहेगी फिर ये लड़ाई पूरे समाज की हो जाएगी.. फिर सामने वाला कोई भी रहेगा उसको ठीक कर दिया जाएगा.. मैं पूरे देश के लोगो को इस लड़ाई में सपोर्ट करने का अनुरोध करता हूँ.."

पवन सिंह और ज्योति की लड़ाई जिस तरह से राजनीतिक मोड़ ले रही है, उसके बाद ऐसा लग रहा है कि ये मामला जल्द नहीं थमने वाला है। आने वाले दिनों में पवन सिंह की मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं। वैसे आपका पवन-ज्योति के विवाद पर क्या सोचना है हमें कमेंट में जरूर बताएं

लेटेस्ट न्यूज

Rahul Sharma
Rahul Sharma Author

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे ह... और देखें

End of Article