सलमान खान की फिल्मों के डायरेक्टर सावन कुमार टाक का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2022, 07:26 PM IST

Saawan Kumar Tak passes away: 70, 80 और 90 के दशकों के डायरेक्टर सावन कुमार टाक का निधन हो गया है। सावन कुमार टाक ने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

सलमान खान की फिल्मों के डायरेक्टर सावन कुमार टाक का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Saawan Kumar Tak Passes Away: सनम बेवफा, सौतन, साजन बिना ससुराल जैसी फिल्मों के डायरेक्टर सावन कुमार टाक का निधन हो गया। 86 साल के सावन दिल का दौरा पड़ने के बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती थे, यहां उन्होंने अंतिम सांस ली है। सलमान खान ने सोशल मीडिया पर अपने डायरेक्टर को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। गौरतलब है कि सावन कुमार टाक ने सलमान खान, दिलीप कुमार, मीना कुमारी, राजेश खन्ना सहित कई बड़े एक्टर्स के साथ काम किया है। उनकी आखिरी फिल्म साल 2006  में सावन द लव सीजन थी।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सावन कुमार टाक फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक दो दिन से दिवंगत डायरेक्टर को दिल की बीमारी थी। आज शाम करीब चार बजे उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे तीन बहने और भाई छोड़कर चले गए हैं।  पीटीआई की खबर के मुताबिक फेफड़ों में इनफेक्शन के कारण दिवंगत डायरेक्टर को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उनका दिल भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। सावन के अंतिम संस्कार को लेकर परिवार ने कोई अपडेट जारी नहीं किया है।

सलमान खान ने दी श्रद्धांजलि
सलमान खान ने अपने डायरेक्टर सावन कुमार टाक को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने अपनी और डायरेक्टर की फोटो शेयर कर लिखा, 'भगवान आपकी आत्मा को शांति दें डियर सावन जी। मैंने हमेशा आपको प्यार और सम्मान दिया।' सावन कुमार ने साल 1972 में मीना कुमारी और मुमताज की फिल्म 'गोमती के किनारे' से डेब्यू किया था। संजीव कुमार और मेहमूद जूनियर को इंडस्ट्री में स्थापित करने का क्रेडिट भी सावन कुमार टाक को जाता है। उन्होंने संजीव कुमार की डेब्यू फिल्म नौनीहाल (1967) को प्रोड्यूस किया था। 

सावन कुमार टाक का जन्म 9 अगस्त 1936 में जयपुर में हुआ था। 80 और 90 के दशक में उन्होंने लैला, प्रीति, सौतन, चांद का टुकड़ा, सनम हरजाई जैसी फिल्में बनाई थी। डायरेक्टर के अलावा प्रोड्यूसर, लेखक और गीतकार भी थे।  

End of Article