इलेक्शन

'बंगाल की जीत के साथ ही अब गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल', BJP की ऐतिहासिक जीत पर गरजे PM Modi

पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद पीएम मोदी ने कहा कि आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है'

Image

बीजेपी की कामयाबी पर बोले PM Modi

बंगाल में जीत के बाद दिल्ली में बीजेपी (BJP) कार्यालय पर संबोधित करते हुए पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा- पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं इसी जगह से आप सबको कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती है।और आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल, आज मां गंगा के इर्दगिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा-NDA सरकार है।'

असम सहित पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। पीएम मोदी ने कहा कि गंगा के किनारे बसे राज्यों में अब बीजेपी की सरकारें हैं, जो गंगासागर तक फैली हुई हैं। पीएम ने इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया, साथ ही बंगाल में 93% से अधिक मतदान के लिए चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों की प्रशंसा की।

'गंगा, ब्रह्मपुत्र और मां कामख्या भी हम पर बहुत आशीर्वाद रहा है'

पीएम मोदी ने कहा कि 'गंगा जी के साथ-साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर बहुत आशीर्वाद रहा है। मां कामख्या का आशीर्वाद रहा है।असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-NDA पर भरोसा किया है।' कहा- '2013 में जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था, और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया, तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से ध्वनि निकली थी और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है।'

'बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है...'

पीएम मोदी ने आगे कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ताओं को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए ही मरना है। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था वह सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था। आज 4 मई 2026, को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को वो अवसर दिया। बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है। विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।

'भाजपा की कितनी महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े'

उन्होंने कहा, 'इस जीत के साथ-साथ वंदे मातरम के 150 वर्ष में भारत माता और वंकिम जी को बंगाल के लोगों ने सादर नमन प्रेषित किया ।गोपीनाथ अरबिंदो को भी मतदाताओं ने ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है।' उन्होंने कहा कि बंगाल में हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया है। भाजपा की कितनी महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े।

उन्होंने कहा कि 'मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं। भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा।'

'आज भारत का संविधान भी जीता है'

इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि 'लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है, ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है।ये हमारी रगो की संस्कार सरिता है।आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है।हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं।' उन्होंने कहा कि 'पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है।असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article