इलेक्शन

'2026 का चुनाव हमेशा रहेगा याद...';बंगाल में भाजपा के प्रचंड बहुमत पर पीएम मोदी की आई पहली प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की प्रचंड जीत पर पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रयासों और संघर्षों के बिना संभव नहीं होती। मैं उन सभी को सलाम करता हूं।

Image

भाजपा के प्रचंड बहुमत पर पीएम मोदी की आई पहली प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल में भाजपा की एतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को सलाम किया है। एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रयासों और संघर्षों के बिना संभव नहीं होती। मैं उन सभी को सलाम करता हूं। वर्षों से उन्होंने जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की कठिनाइयों का सामना किया है और हमारे विकास एजेंडे के बारे में बात की है। वे हमारी पार्टी की ताकत हैं।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'पश्चिम बंगाल में कमल खिल उठा! 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूं। जनता ने भाजपा को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम ऐसी सरकार प्रदान करेंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे।'

असम में जीत पर क्या बोले पीएम मोदी

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में तीसरी बार भाजपा की जीत पर भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि असम ने एक बार फिर भाजपा-NDA को आशीर्वाद दिया! असम विधानसभा चुनाव में भाजपा-NDA की जीत हमारे गठबंधन के विकास पर जोर देने और लोगों की जिंदगी में अच्छा बदलाव लाने के लिए ठोस समर्थन को दिखाती है। मैं असम के अपने बहनों और भाइयों को ज़बरदस्त जीत के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं उन्हें यह भी भरोसा दिलाता हूँ कि हम राज्य के बदलाव के लिए काम करते रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि मैं असम के लोगों के बीच चौबीसों घंटे काम करने वाले सभी भाजपा-NDA कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं। यह तारीफ के काबिल है कि पिछले दस सालों में हमारी पार्टी और गठबंधन ने कितनी तरक्की की है। उनकी कोशिशों ने यह सुनिश्चित किया है कि हमारा सकारात्मक एजेंडा लोगों के दिलों में उतरा है।

पुडुचेरी के लोगों का किया धन्यवाद

वहीं, पुडुचेरी के चुनाव परिणाम पर भी पीएम मोदी ने लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बेहतरीन शासन और श्री एन.रंगासामी के नेतृत्व में सरकार के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुडुचेरी की जनता ने एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को सेवा का अवसर दिया है। यह जनादेश सुशासन को और मजबूत करने के हमारे संकल्प को नई ऊर्जा देगा। पुडुचेरी के हमारे एनडीए कार्यकर्ताओं पर मुझे गर्व है। उन्होंने जमीन पर लगातार मेहनत की,लोगों के बीच रहकर हमारे विजन और कार्यों को बताया, इसी का परिणाम है कि जनता ने हमें फिर से आशीर्वाद दिया।

केरल विधानसभा चुनाव में जीत के लिए यूडीएफ को दी बधाई

वहीं पीएम मोदी ने केरल में भाजपा-एनडीए को वोट देने वाले सभी मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि हम केरल के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते रहेंगे और एक विकसित केरल के विजन को साकार करने के लिए निरंतर काम करेंगे।

केरल विधानसभा चुनाव में जीत के लिए यूडीएफ को हार्दिक बधाई। केंद्र सरकार हमेशा केरल के लोगों की विकास आकांक्षाओं के समर्थन में खड़ी रहेगी।

पीएम मोदी ने की टीवीके को बधाई

साथ ही पीएम मोदी ने तमिलनाडु में शानदार प्रदर्शन के लिए TVK को बधाई दी। उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एनडीए को समर्थन देने वाले मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने रहा कि हम हमेशा लोगों के मुद्दों को उठाने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास और लोगों के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article