ssembly Election Results 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। जब वर्षों की साधना, सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत के लोकतंत्र के साथ ही भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं ने जीत दर्ज की है। बंगाल में 93 प्रतिशत वोटिंग होगा अपने आप में ऐतिहासिक है। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत ज्यादा रही है। यह भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।
PM मोदी ने EC को दी बधाई
पीएम मोदी ने चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र की गरिमाओं को बनाए रखने में आप सभी को योगदान इतिहास हमेशा-हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा, ''पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे तब मैंने इसी जगह से कहा था- गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगा सागर तक जाती है। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है।''
असम में भाजपा ने लगाई जीत की हैट्रिक
पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम पर मां कामाख्या का भी आशीर्वाद रहा। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए पर भरोसा किया। यह असम के इतिहास की बहुत बड़ी घटना है। असम के टीगार्डन वाले क्षेत्रों में भी भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन मिला।
'आज भयमुक्त हुआ बंगाल'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ताओं को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए ही मरना है। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था वह सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था। आज 4 मई 2026, को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को वो अवसर दिया। बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है। विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।
उन्होंने कहा, ''इस जीत के साथ-साथ वंदे मातरम के 150 वर्ष में भारत माता और वंकिम जी को बंगाल के लोगों ने सादर नमन प्रेसित किया है।गोपीनाथ अरबिंदो को भी मतदाताओं ने ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है।'' उन्होंने कहा कि बंगाल में हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया है। भाजपा की कितनी महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े।
'बंगाल में आज एक नया सूर्योदय हुआ'
पीएम मोदी ने कहा कि अभी 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया है। भाजपा ने जितनी सीटें जीतीं, वो महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है। ये उस अडिग विश्वास की हुंकार है जिसने डर, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है।
'बंगाल में बदला नहीं, बदलाव की बात हो'
इस दौरान, पीएम मोदी ने बंगाल के सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि राज्य में हिंसा के अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें। उन्होंने कहा, '' पश्चिम बंगाल में पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई। लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं, जनता-जनार्दन की आवाज गूंजी। पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है। आज जब बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया है तो बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक अपील करना चाहता हूं कि बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से कितनी जिंदगियां बर्बाद हुई हैं।''
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि आज से बंगाल की इस चुनावी आदतों में बदलाव आना चाहिए। आज जब भाजपा जीती है तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए। मेरी सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि आइये हिंसा के इस अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें। किसने किसे वोट दिया। किसे नहीं दिया। उससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें।
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली बंपर जीत के बाद पीएम मोदी का भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यालय में भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए। पीएम मोदी ने इस उपलब्धि का श्रेय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को दिया और उन्हें माला पहनाई। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दी जीत की बधाई
नितिन नवीन ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली बंपर जीत की पार्टी कार्यकर्ताओं को जमकर बधाई दी। साथ ही ममता बनर्जी और राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब इंडी गठबंधन ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी आज सभी यहां उपस्थित हुए हैं। ये हम सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। आज पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हमारी देवतुल्य जनता ने हमें जो समर्थन दिया है, उसके लिए मैं इन सभी पांच राज्यों के लोगों का अभिनंदन करता हूं कि आपने हमारे नेतृत्व के प्रति और भाजपा-एनडीए के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि आज 4 मई के दिन है और नतीजे आए हैं, लेकिन मैं 4 जून, 2024 का दिन भी आपको याद कराना चाहता हूं। जनता ने हमारे नेतृत्वकर्ता को जो समर्थन और विश्वास दिया था, उसमें कहीं न कहीं एक कसक रह गई थी। आज जब 4 मई को प्रचंड बहुमत और जीत देकर 2024 की उस कसक को पूरा किया है और उसके बाद हुए सभी चुनाव में जनता ने भाजपा को प्रचंड जीत देने का काम किया और नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व के प्रति आस्था और विश्वास व्यक्त किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज जब पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के जो परिणाम आए हैं, इन तीनों राज्यों के परिणामों ने ये स्पष्ट किया है कि आज देश की जनता का अटूट विश्वास और समर्थन हमारे नेता पीएम मोदी जी के प्रति है। मैं इसके लिए देश की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।
