Five States Assembly Poll Dates: इस अप्रैल महीने में पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने इन सभी पांच राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषत कर दिए हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद इन राज्यों में सियासी गर्मी बढ़ गई है और चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है। इन पांचों राज्यों की 824 विधानसभाओं में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने एवं युवकों की ज्यादा भागीदारी पर जोर दिया है। पश्चिम बंगाल को छोकर बाकी सभी राज्यों में एक चरण में चुनाव होंगे और इन सभी राज्यों के चुनाव नतीजे चार मई को आएंगे। यहां पांचों राज्यों में विधानसभा की कितनी सीटें हैं और इन सीटों पर किस दिन मतदान होगा, हम यहां इसके बारे में जानेंगे-
चुनाव आयोग के मुताबिक असम में करीब 2.25 करोड़ मतदाता, केरल में 2.70 करोड़, पुडुचेरी में 9.44 लाख, तमिलनाडु में 5.68 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 6.44 करोड़ मतदाता हैं।
असम
असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं और यहां करीब 2.25 करोड़ मतदाता हैं। इस राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और कांग्रेस के बीच है। असम में भाजपा 2016 से सत्ता में है तथा हिमंत विश्व शर्मा 2021 से मुख्यमंत्री हैं।केरल
दक्षिणी राज्य केरल में विधानसभा की 140 सीटें हैं। यहां मुख्य चुनावी मुकाबला लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच है। भाजपा की योजना यहां करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की है। केरल में वामपंथी नेता पिनराई विजयन 2016 से मुख्यमंत्री हैं और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की फिराक में हैं लेकिन भाजपा इस बार उन्हें कड़ी चुनौती पेश कर रही है। बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। अधिसूचना के अनुसार, दोनों चरणों में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी 2011 से सत्ता में हैं।
तमिलनाडु
तमिलनाडु में भी इस बार मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस का मुकाबला बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन से है। तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं। तमिलनाडु में द्रमुक नेता एम.के. स्टालिन सात मई, 2021 से मुख्यमंत्री हैं।
पुडुचेरी
पुडुचेरी में विधानसभा की 30 सीटें हैं। यहां मुख्यमंत्री एन रंगासामी की ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस, भाजपा एवं एआईएडीएमके का मुकाबला कांग्रेस, डीएमके, सीपीआई गठबंधन से है। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी 2021 से सत्ता में हैं। केंद्र शासित प्रदेश में कुल 33 सीटें हैं, जिनमें केंद्र द्वारा मनोनीत तीन सदस्य शामिल हैं।
इन आठ सीटों पर उपचुनाव भी
चुनाव आयोग ने छह राज्यों की विधानसभा की आठ सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। इन छह राज्यों में दो चरणों में उपचुनाव होंगे। गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड एवं त्रिपुरा में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा जबकि गुजरात एवं महाराष्ट्र में दूसरे चरण यानी 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। इन सभी सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे चार मई को घोषित होंगे। जिन आठ विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं, उनमें गोवा में पोंडा, कर्नाटक में बागलकोट और दक्षिण दावणगेरे, नगालैंड में कोरिडांग, त्रिपुरा में धर्मनगर, गुजरात में उमरेठ और महाराष्ट्र में राहुरी और बारामती शामिल हैं।
