West Bengal Election Celeb Seats Live Updates: पश्चिम बंगाल की राजनीति हमेशा से ही अपनी तीव्रता और वैचारिक गहराई के लिए जानी जाती रही है, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव एक अलग ही रंग पेश कर रहे हैं। इस बार मैदान में केवल अनुभवी राजनेता ही नहीं, बल्कि सिनेमा के परदे, टीवी स्क्रीन और संगीत के मंचों से आए लोकप्रिय चेहरे भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ग्लैमर और गवर्नेंस का यह अनूठा मिश्रण राज्य की सभी 294 सीटों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों ने ही ऐसी हस्तियों पर दांव लगाया है जिनकी जनता के बीच गहरी पैठ है और जिनकी सोशल मीडिया पर जबरदस्त सक्रियता है। बंगाल में दो चरणों में हुए मतदान में करीब 82 प्रतिशत की भारी वोटिंग दर्ज की गई है, जो यह दर्शाता है कि आम जनता ने इन सितारों की अपील पर अपनी मुहर लगाने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है। आइए जानते हैं उन फिल्मी सितारों की 'हॉट सीट्स' के हाल के बारे में जो आज सुर्खियां बटोरीं। जानते हैं कौन कहां से है जीता।
रुझानों में TMC के सितारों का क्या है हाल
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा की तरह इस बार भी फिल्मी और सांस्कृतिक जगत के चेहरों को प्राथमिकता दी है।
नयना बंद्योपाध्याय (चौंरगी): बंगाली सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री नयना कोलकाता की प्रतिष्ठित चौंरगी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। क्षेत्रीय सिनेमा में उनकी मजबूत छवि उन्हें शहरी मतदाताओं से जोड़ने में मदद कर रही है। फिलहाल ये चौरंगी सीट से जीत चुकी हैं।
अरुंधति 'लवली' मैत्रा (सोनारपुर दक्षिण): 'जल नूपुर' और 'मोहर' जैसे धारावाहिकों से घर-घर में प्रसिद्ध हुई लवली मैत्रा को दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर से मैदान में उतारा गया है। टीवी दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाती है। इस चुनाव में उनका मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार और प्रसिद्ध अभिनेत्री रूपा गांगुली से माना जा रहा था। सोनारपुर दक्षिण सीट से लवली को रूपा गांगुली से हार मिली है।
श्रेया पांडे (मानिकतला): टीवी अभिनेत्री श्रेया पांडे के पास ग्लैमर के साथ-साथ राजनीतिक विरासत भी है। उनके पिता साधन पांडे राज्य मंत्री रहे हैं, जिससे उन्हें राजनीति की गहरी समझ विरासत में मिली है। राजनीतिक बैकग्राउंड के कारण श्रेया के पास जो बढ़त है उसका फैसला भी आज हो जाएगा। वो इस बार मानिकतला सीट से अपनी किस्मत आजमा रही हैं। फिलहाल ये मानिकतला सीट से हार गई हैं।
सायंतिका बनर्जी (बरानगर): 2021 की हार के बाद 2024 के उपचुनाव में जीत हासिल कर सायंतिका ने शानदार वापसी की। 2021 में बीजेपी के सजल घोष को 8,148 मतों के अंतर से हराकर उन्होंने यह सीट जीती थी। अब वे बरानगर (Baranagar) से अपनी राजनीतिक पकड़ और मजबूत करने के इरादे से मैदान में हैं। ये मुकाबला उनके पक्ष में नहीं रहा। ये बरानगर सीट से हार चुकी हैं।
अदिति मुंशी और इंद्रनील सेन: संगीत जगत से अदिति मुंशी गोपालपुर राजारहाट सीट से अपनी कीर्तन गायकी के सांस्कृतिक प्रभाव और इंद्रनील सेन चंदननगर सीट अपनी प्रतिष्ठित गायकी के दम पर पार्टी के वोट बैंक को मजबूती दे रहे हैं। अब देखना ये होगा कि आज इन अभि'नेताओं' की किस्मत किस करवट घूम रही है। फिलहाल अदिति मुंशी गोपालपुर राजारहाट सीट से पीछे चल रही हैं और इंद्रनील सेन चंदननगर सीट से पीछे चल रहे हैं।
रुझानों में कहां हैं BJP के दिग्गज
भारतीय जनता पार्टी भी सेलेब्स को टिकट बांटने में पीछे नहीं रही है। BJP ने उन चेहरों को चुना है जिनकी पहचान न केवल अभिनय में है, बल्कि जिन्होंने समाज में अपनी एक अलग साख बनाई है।
रूपा गांगुली (सोनारपुर दक्षिण): महाभारत की 'द्रौपदी' के रूप में विख्यात रूपा गांगुली के पास चार दशकों का फिल्मी अनुभव और नेशनल अवार्ड की गरिमा है। हिंदी पट्टी के लोगों के बीच भी रूपा की खासी लोकप्रियता है। उनकी साख और सार्वजनिक छवि उन्हें एक अत्यंत अनुभवी उम्मीदवार के रूप में पेश करती है। उनका मुकाबला टीएमसी की अरुंधति मैत्रा। रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण सीट से जीत ।
हिरन चटर्जी (श्यामपुर): अभिनेता से नेता बने हिरन चटर्जी खड़गपुर सदर के पूर्व विधायक रह चुके हैं। हाल ही में अपनी शादी को लेकर चर्चा में रहे हिरन अब श्यामपुर से अपनी चुनावी जंग लड़ रहे हैं, जिसके नतीजे आज घोषित हो गए, जिसमें उन्हें जीत मिली है।
रुद्रनील घोष (शिवपुर): 2021 से सक्रिय राजनीति में जुटे अभिनेता रुद्रनील घोष को भाजपा ने शिवपुर की महत्वपूर्ण सीट से उम्मीदवार बनाया है। वे सिनेमा और सार्वजनिक जीवन के बीच एक पुल का काम कर रहे हैं। शिवपुर सीट से रुद्रनील जीत चुके हैं।
पापिया अधिकारी (टॉलीगंज): फिल्म, टीवी और जात्रा थिएटर की मंझी हुई कलाकार पापिया टॉलीगंज जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से भाजपा की नुमाइंदगी कर रही हैं। उनके बहुआयामी करियर ने उनके प्रचार अभियान को गहराई दी, जिसलको बदौलत ये टॉलीगंज सीट से करीब 6000 वोटों से जीत गई हैं।
चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं, और यह स्पष्ट हो गया है कि बंगाल की जनता ने इन चमकते सितारों को केवल मनोरंजन के लिए पसंद किया या वे उन्हें अपने विधायक के रूप में भी स्वीकार करते हैं। 6.1 करोड़ मतदाताओं की भागीदारी के साथ यह मुकाबला कड़ा था और ग्लैमर की यह जंग काफी दिलचस्प मोड़ पर खड़ी थी, अब नतीजे आ चुके हैं और सबसे सामने हैं।
