इलेक्शन

महागठबंधन के सत्ता में आने पर नहीं लागू होगा वक्फ संशोधन अधिनियम; भाकपा (माले) का बड़ा ऐलान

Bihar Elections 2025: बिहार में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह-तरह के दावे कर रहे हैं। इस फेहरिस्त में भाकपा (माले)-लिबरेशन का नाम भी शामिल हो गया। भाकपा (माले)-लिबरेशन ने रविवार को दावा किया कि अगर विपक्षी महागठबंधन सत्ता में काबिज होता है तो बिहार में वक्फ (संशोधन) अधिनियम लागू नहीं होगा।

Image

भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य (फाइल फोटो: ANI)

Photo : ANI

Bihar Elections 2025: बिहार में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह-तरह के दावे कर रहे हैं। इस फेहरिस्त में भाकपा (माले)-लिबरेशन का नाम भी शामिल हो गया। भाकपा (माले)-लिबरेशन ने रविवार को दावा किया कि अगर विपक्षी महागठबंधन सत्ता में काबिज होता है तो बिहार में वक्फ (संशोधन) अधिनियम लागू नहीं होगा।

भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को ज़ोर देकर कहा कि अगर महागठबंधन, जिसका वह एक घटक दल है, विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता में आता है, तो बिहार में विवादास्पद वक्फ (संशोधन) अधिनियम के कार्यान्वयन को रोक दिया जाएगा। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा था कि अगर महागठबंधन सत्ता में आता है तो वक्फ (संशोधन) अधिनियम को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।

भाकपा (माले) के घोषणा पत्र में 65 फीसदी आरक्षण सहित कई वादे

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाकपा (माले)-लिबरेशन ने रविवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। घोषणापत्र में भूमिहीनों के लिए न्याय, लगभग 21 लाख एकड़ भूमि का पुनर्वितरण, किसानों व ग्रामीण मजदूरों के लिए कर्ज माफी और वंचित समुदायों को 65 प्रतिशत आरक्षण सहित कई वादे किए गए हैं।

भाकपा (माले) ने पुनर्वास के बिना किसी गरीब को विस्थापित न करने का भी वादा किया। पार्टी ने किसानों और बटाईदारों के लिए सभी फसलों की सरकारी खरीद, लाभकारी मूल्य की गारंटी, किसानों व ग्रामीण मजदूरों का कर्ज माफ, कृषि के लिए मुफ्त बिजली, हर खेत तक पानी, नहरों का आधुनिकीकरण, पहचान पत्र व अधिकारों की गारंटी, बटाईदारों की बेदखली पर रोक, कृषि उपज विपणन समिति ,(एपीएमसी कानून की बहाली सहित कई प्रावधानों का वादा किया है।

पार्टी ने महागठबंधन के वंचित समुदायों को 65 फीसदी आरक्षण देने व इसे नौवीं अनुसूची में शामिल करने के वादे को दोहराया। भाकपा (माले) ने साथ ही बिजली, राशन और पेंशन जैसी बुनियादी जरूरतों की गारंटी, दलितों और गरीबों के खिलाफ हिंसा, पुलिस ज्यादती और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पार्टी द्वारा किये गये अन्य वादों में 1500 रुपए मासिक वृद्धावस्था पेंशन, दो लाख रुपए तक के सभी कर्ज माफ, रसोइया, आशा, आंगनवाड़ी, ममता, जीविका व सफाईकर्मियों को नियमित वेतन और सरकारी दर्जा शामिल है। पार्टी ने मनरेगा के तहत 200 दिनों का रोजगार, 600 रुपए दैनिक मजदूरी और पुरानी पेंशन योजना की बहाली का भी वादा किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article