Bihar Election 2025: बिहार में चुनावों की तारीख जैसे-जैसे पास आ रही है वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मियां तेज हो रही है। राजग में शामिल दो पार्टियों के नेताओं की सौहार्दपूर्ण तस्वीर सामने आई हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री और लोजपा-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के बीच नाराजगी की खबरें सामने आईं, लेकिन अब इस खबरों पर विराम लग गया। नीतीश कुमार रविवार को चिराग पासवान के आवास पर खरना का प्रसाद खाने पहुंचे।
चिराग पासवान ने क्या कुछ कहा?
चिराग पासवान ने कहा कि चुनावों के दौरान विपक्ष अक्सर यह झूठ फैलाने की कोशिश करता है कि मुख्यमंत्री नाराज हैं। जदयू और लोजपा के बीच मनमुटाव है, लेकिन आज मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री आए और इससे हमारे घर छठ और भी ज्यादा खुशनुमा हो गया। मैं पूरे देश और खासकर बिहार की जनता को छठ की शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा कि वे (तेजस्वी यादव) जानते हैं कि वह सत्ता में नहीं आएंगे... एक बात तो तय है, 14 नवंबर को हम मजबूत और बड़ी जीत के साथ सरकार बनाएंगे। इस बार हम 2010 का भी रिकॉर्ड तोड़ेंगे।
नीतीश संग चिराग ने शेयर की तस्वीर
चिराग पासवान ने 'एक्स' पर नीतीश कुमार संग तस्वीरें शेयर करते हुए एक पोस्ट में लिखा, ''धन्यवाद माननीय मुख्यमंत्री जी, जो आज आप मेरे आवास पर आए और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मेरे परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं देने के लिए हार्दिक आभार।''
