Bihar Elections 2025: बिहार में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मियां बढ़ती जा रही है। सत्तापढ़ और विपक्ष के नेता मतदाताओं को लुभाने की जुगत में लगे हैं। इस बीच, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी पटना रोड शो को लेकर निशाना साधा और कहा कि आपने गुजरात और बिहार को 11 साल में कितना दिया।
PM मोदी पर बरसे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव है तो सब आएंगे ही, आने से क्या होगा। वह (पीएम) बिहार को ठगने आ रहे हैं, सबको पता है। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री जी से हम यह जानना चाहते हैं कि उन्होंने 11 साल में गुजरात और बिहार को कितना दिया? बस हमें यह हिसाब दिखा दीजिए।''
कब होगा रोड शो
पीएम मोदी का आगामी 2 नवंबर को पटना में एक बड़ा रोड शो होने वाला है। इस रोड शो को लेकर प्रशासनिक स्तर की तैयारिया हो रही हैं। पीएम मोदी के इस रोड शो का पहले चरण के मतदान से ठीक पहले हो रहा है। पीएम मोदी के इस रोड शो को शहरी मतदाताओं को साधने के तौर पर देखा जा रहा है।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम को लेकर रविवार को तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि गठबंधन के सत्ता में आने पर इस अधिनियम को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनती है तो वक्फ (संशोधन) अधिनियम को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता ने मुस्लिम बहुल कटिहार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि उनके पिता एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कभी सांप्रदायिक ताकतों से समझौता नहीं किया, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा ऐसी ताकतों का साथ दिया है, जिसके कारण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और उसके सहयोगी संगठन राज्य और देश में नफरत फैला रहे हैं।
