इलेक्शन

पोस्टर पर तेजस्वी की तस्वीर : भड़के पप्पू यादव, बोले-बिहार में वोट राहुल के चेहरे पर मिलेगा किसी और फेस पर नहीं

राजद सुप्रीमो लालू यादव से कांग्रेस नेता अशोक गहलोत की मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में तेजस्वी को महागठबंधन का सीएम फेस बनाने की चर्चा ने जोर पकड़ ली। इस बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पोस्टर पर सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टर पर केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर क्यों है?

Image

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद हैं पप्पू यादव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में सीट बंटवारे पर विवाद को सुलझाने और एकजुटता जाहिर करने के लिए गुरुवार को महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है। इसी तैयारी में महागठबंधन की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया जिस पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की एक मात्र तस्वीर थी। राजद सुप्रीमो लालू यादव से कांग्रेस नेता अशोक गहलोत की मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में तेजस्वी को महागठबंधन का सीएम फेस बनाने की चर्चा ने जोर पकड़ ली। इस बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पोस्टर पर सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टर पर केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर क्यों है? इस पर महागठबंधन के सभी नेताओं की तस्वीर होनी चाहिए। पप्यू यादव ने यहां तक कहा कि बिहार में वोट केवल राहुल यादव के चेहरे पर मिलेगा और किसी फेस पर नहीं।

केवल राहुल गांधी की तस्वीर पर पड़ेंगे वोट-पप्पू

महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के स्थल पर लगे पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर पर पप्पू यादव ने कहा, 'वोटिंग सिर्फ राहुल गांधी की तस्वीर पर ही होगी, किसी और की तस्वीर पर नहीं... गठबंधन के तीनों नेताओं की तस्वीरें होनी चाहिए थीं। यह ठीक नहीं है और इससे गलत संदेश जाएगा... हम बिहार को सिर्फ राहुल गांधी के चेहरे पर ही जीत सकते हैं। हमारे पास जीतने का कोई और रास्ता नहीं है।'

भाजपा पर खंजर मारने का लगाया आरोप

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महागठबंधन में शामिल होने के उनके निमंत्रण पर पूछे गए सवाल पर पप्पू यादव ने कहा, 'मैं उन्हें इसलिए आमंत्रित करता हूं क्योंकि बीजेपी उन्हें पीछे से वार कर रही है। बीजेपी उन्हें खत्म कर रही है। हमारे नेताओं ने हमेशा उनका सम्मान किया है। उन पर पीछे से वार किया जा रहा है, लेकिन हम उनके प्रति बहुत सम्मान रखते हैं।'

महागठबंधन में सिट शेयरिंग का क्या है हाल?

बता दें कि राजद ने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। कांग्रेस ने 61, वीआईपी को बंटवारे में कुल नौ सीटें, जबकि वाम दलों को कुल 30 सीटें मिली हैं। आधिकारिक सूची के अलावा भी महागठबंधन के सहयोगियों ने मैदान में उम्मीदवार उतारे हैं। VIP को नौ सीटें मिली, परंतु उसने 15 उम्मीदवारों के नाम जारी किए। इसी प्रकार सीपीआई को छह सीटें ही मिली, परंतु नौ उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया।

सीपीएम जिसे चार सीटें मिली उसमें उसने छह उम्मीदवार उतार दिए। फिलहाल महागठबंधन में कुल उम्मीदवारों की लिस्ट 243 से बढ़कर 254 हो गई है। हालांकिं दावे हो रहे हैं कि नाम वापसी के पहले तक स्थिति साफ हो जाएगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article