Bihar Election 2025: बिहार चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दले के नेता और इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने रविवार को पांच बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। तेजस्वी ने कहा, “बिहार की जनता ने भाजपा को 20 साल दिए, अब हम सिर्फ 20 महीने मांग रहे हैं। जनता ने हमें आशीर्वाद दिया तो हम मिलकर नया बिहार बनाएंगे।”
तेजस्वी के ऐलान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रतिक्रिया दी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने कहा,"यह आदमी कुछ नहीं कर सकता और हमेशा से लोगों को गुमराह करता रहा है। लोकसभा चुनावों के दौरान, उन्होंने यह कहानी गढ़ी कि संविधान खतरे में है, और यह रणनीति काम कर गई, जिसके कारण एनडीए को कम सीटें मिलीं। वे फिर से ऐसी कहानी गढ़ रहे हैं। ये लोग जीतने वाले नहीं हैं और सिर्फ दिखावे के लिए बातें कर रहे हैं। एनडीए सरकार बनाएगा, लेकिन अगर कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों में वे सरकार बना भी लेते हैं, तो वे अपने वादे पूरे नहीं करेंगे और कहेंगे कि केंद्र सरकार ने सारा पैसा खर्च कर दिया और उन्हें कुछ नहीं दिए। बिहार के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और इस बार उनके जाल में नहीं फंसेंगे।"
नीतीश राज में बदली बिहार की स्थिति: जीतन राम मांझी
उन्होंने आगे कहा कि लालू राज के 15 साल में राज्य के अस्पताल में कुत्त घूमते थे। राज्य में अराजकता का माहौल था। विकास का कोई नाम ओ निशान नहीं था। नीतीश कुमार की लीडरशिप में आज के समय बिहार आगे बढ़ रहा है। आज के समय बिहार में सड़क-बिजली व्यवस्था शानदार हो रहा है। नीतीश कुमार का शुसाशन और अच्छा प्रबंधन की वजह से बिहार आगे बढ़ रहा है। राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है। केंद्र सरकार ने भी बिहार को सात लाख करोड़ की साहयता दी है। आज के समय घर-घर बिजली पहुंच रही है।
महागठबंधन के नेता तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। आज के समय सरकारी योजना का फायदा सभी लोगों को मिल रहा है। तेजस्वी जो बातें कह रहे हैं, उसपर कोई यकीन नहीं करेगा।
तेजस्वी यादव के 5 बड़े ऐलान
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा।
पूर्व पंचायत और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को पेंशन दी जाएगी।
पंचायत प्रतिनिधि और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को 50 लाख रुपये का बीमा मिलेगा।
जन वितरण प्रणाली (PDS) के वितरकों के मानदेय और मार्जिन मनी में बढ़ोतरी की जाएगी।
कुम्हार, लोहार, बढ़ई जैसे मेहनतकश वर्गों को 5 साल के लिए 5 लाख रुपये की ब्याज-मुक्त सहायता राशि दी जाएगी।
