उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूते से हमला हुआ है। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रचार मौर्य जब एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी एक शख्स उठा और जूता दे मारा। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पार्टी के प्रत्याशी होतम सिंह निषाद के पक्ष में स्वामी प्रसाद मौर्य सभा करने आए थे।
शख्स ने स्वामी प्रसाद मौर्य को मारा जूता
वीडियो में दिख रहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य भाषण दे रहे हैं। लोग उनके भाषण को सुन रहे हैं। इसी बीच एक शख्स भीड़ में से उठता है और जूता खोलकर, मंच की ओर तेजी से आगे बढ़ता है। इसके बाद वो जूता खींच कर स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर दे मारता है। हालांकि, जूता निशाने पर नहीं लगता है और मौर्य के पास मोबाइल फोन पकड़े खड़े व्यक्ति को जूता जा लगता है।
आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य पर फेंका गया जूता
घटना उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की है। जूते फेंकने वाले को लोगों ने तुरंत पकड़ लिया और पुलिस को सौंपने से पहले उसकी जमकर पिटाई की। इससे पहले कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार को काले झंडे भी दिखाए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद भी देखने को मिला।
पुलिस हिरासत में आरोपी
इस घटना के बाद हमलावर को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी नारे भी लगाते रहा। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
