इलेक्शन

राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री, सांसद समेत इन दिग्गजों ने डाले वोट; जानें मतदान से जुड़ी खास बातें

Election News: राजधानी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर, हरदीप सिंह पुरी, भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत कई दिग्गजों ने सुबह-सुबह मतदान किया। चुनावी रणनीति के तहत भाजपा की यह कोशिश है कि दोपहर से पहले इन सीटों पर ज्यादा से ज्यादा मतदान करवा लिया जाए।

Image

द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति।

Photo : ANI

Delhi Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे से जारी है। चुनावी रणनीति के तहत भाजपा की यह कोशिश है कि दोपहर से पहले इन सीटों पर ज्यादा से ज्यादा मतदान करवा लिया जाए। यही वजह है कि एक ओर जहां पार्टी बूथ स्तर पर प्रबंधन में लगे कार्यकर्ताओं के जरिए ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को बूथ स्तर तक आने के लिए प्रोत्साहित करने के अभियान में जुटी हुई है। वहीं पार्टी के दिग्गज नेता एवं उम्मीदवार भी सुबह-सुबह अपना वोट डालकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मतदाताओं को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में किया मतदान

दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोट डालने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी स्याही लगी उंगली को दिखाया। उन्होंने राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार आम चुनाव में अपने मतदान का प्रयोग किया है।

दिल्ली में इन दिग्गजों ने सुबह-सुबह डाले वोट

केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, पूर्व सांसद गौतम गंभीर, दिल्ली के भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर सहित कई नेताओं ने सुबह-सुबह पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपना-अपना वोट डाला।

बांसुरी स्वराज ने झंडेवाला मंदिर में की पूजा

नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने झंडेवाला मंदिर में पूजा की। इसके बाद मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला। वहीं पूर्वी दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा ने माता के मंदिर में पूजा करने के बाद बूथ पर जाकर वोट डाला।

प्रवीण खंडेलवाल ने भी डाला अपना वोट

चांदनी चौक से भाजपा उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोगों को प्रेरित करने के लिए भाजपा के कई नेताओं ने अपने पूरे परिवार सहित वोट डाला।

दिग्गजों ने वोट डालने के बाद की ये अपील

वोट डालने के बाद भाजपा के दिग्गज नेताओं ने मतदाताओं से अपने-अपने घरों से बाहर निकल कर वोट डालने की अपील की है। भाजपा नेताओं ने दिल्ली की सभी सातों सीटें जीतकर केंद्र में फिर से भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन की सरकार बनाने का दावा भी किया।

सातों सीटों पर जीत दर्ज करने की कोशिश

भाजपा ने एक बार फिर से दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पश्चिम दिल्ली से कमलजीत सहरावत, दक्षिण दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी, उत्तर पश्चिम दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया, पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज को चुनावी मैदान में उतारा हैं।

वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर दिल्ली में भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन के फॉर्मूले के मुताबिक, दिल्ली में चार सीटों पर आम आदमी पार्टी और तीन पर कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

(इनपुट- एजेंसी)

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article