इलेक्शन

UP News: जिस माफिया के नाम पर कर्फ्यू लगता था, हमारे शासन में उसकी पैंट गीली हो गयी, गरजे सीएम योगी

  • Compiled by: रवि वैश्य
  • Updated Apr 10, 2024, 11:29 PM IST

Yogi Adityanath in Meerut Election Rally: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपराधियों के खिलाफ अपने शासन में की गयी कार्रवाई की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जिन लोगों की गर्मी शांत कर दी गई है, उन्हें दोबारा गर्म नहीं होने देना है। योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि अच्छा नेतृत्व देश को जहां बुलंदियों पर ले जाता है वहीं गलत हाथों में सत्ता देने से दरिद्रता आती है।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS

  1. मुख्यमंत्री ने दावा किया-'कोई माई का लाल आपका बाल भी बांका नहीं कर सकता'
  2. मुजफ्फरनगर में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा
  3. इस क्षेत्र में भाजपा से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान चुनाव मैदान में हैं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपराधियों पर प्रहार करते हुए कहा कि पहले जिस माफिया के नाम से कर्फ्यू लगता था, भाजपा शासन में उसकी पैंट गीली हो गयी।योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी संजीव बालियान के समर्थन में सरधना (मेरठ) में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज बड़े-बड़े माफियाओं और आतंकवादियों की कैसी दुर्गति हो रही है, सबको पता है।

उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि पहले जिनके नाम से ही कर्फ्यू लग जाया करता था, आज उनकी स्थिति हर कोई जानता है।

मुख्यमंत्री ने किसी का नाम लिये बिना कहा, 'सपा (समाजवादी पार्टी) सरकार के दौरान एक दुर्दांत माफिया ऐसा था, जो चलता था तो मुख्यमंत्री हों या मुख्य न्यायाधीश, इन सबके काफिले रुक जाते थे और केवल उसका काफिला निकलता था। मगर जब हमने रगड़कर उसे अदालत के सामने प्रस्तुत किया तो उसकी पैंट गीली हो गई थी।'

'निर्दोष लोगों को मारोगे तो मिट्टी भी नहीं मिल पाएगी'

योगी ने कहा, 'तब हमने उससे कहा था कि कानून कितना बड़ा है, यह अहसास हो रहा है कि नहीं। निर्दोष लोगों को मारोगे तो मिट्टी भी नहीं मिल पाएगी।' लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार उन्होंने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा, 'एक तरफ भारत पिछले चार साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सौगात दे रहा है तो वहीं पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनियाभर में भीख मांग रहा है। पाकिस्तान की यह हालत उसके नेताओं के कारण हुई है।'

उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां जो लोग गुमराह करने आ रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने (भाजपा नेताओं) संगीत सोम और संजीव बालियान को जेल में डाल कर यहां की जनता को कर्फ्यू में झोंकने का काम किया था।मुख्यमंत्री ने दावा किया , 'कोई माई का लाल आपका बाल भी बांका नहीं कर सकता, क्योंकि सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था कर दी गई है।'

मुजफ्फरनगर में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। इस क्षेत्र में भाजपा से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान चुनाव मैदान में हैं जबकि विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के प्रमुख घटक सपा से हरेन्द्र सिंह मलिक और बहुजन समाज पार्टी से दारा सिंह प्रजापति चुनाव मैदान में हैं। 2014 से ही लगातार दो बार चुनाव जीत चुके बालियान ने इस सीट पर 2019 में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष दिवंगत चौधरी अजित सिंह को पराजित किया था। इस बार रालोद भाजपानीत राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल है।

मुजफफरनगर लोकसभा क्षत्र की पांच विधानसभा सीट में इस जिले की बुढ़ाना, चरथावल, मुजफ्फरनगर और खतौली सीट हैं, जबकि इसमें पांचवीं मेरठ जिले की सरधना विधानसभा सीट है।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article