इलेक्शन

'हर घर जॉब' जॉब का मतलब जश्न आफ बिहार; तेजस्वी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया ऐलान, 20 दिन में आएगा अधिनियम, 20 महीने में मिलेगी नौकरी

बिहार चुनाव के तारीखों का ऐलान होने के बाद पार्टियों की गतिविधियों में तेजी साफ देखी जा सकती है। इसी कड़ी में राजद की तैयारियां अब दिखाई देने लगी हैं। तेजस्वी ने आज दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिस दौरान उन्होंने बेरोजगारी को बड़ा मुद्दा बनाते हुए सरकारी नौकरी को लेकर वादे किए।

Image

आज तेजस्वी की पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Patna News: बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आज दोपहर 1 बजे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने सरकारी आवास, एक पोलो रोड पर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति से जुड़ी जानकारी साझा की। पिछली बार की ही तरह इस बार भी बिहार की बेरोजगारी को लेकर तेजस्वी ने हालिया सरकार पर निशाना साधा और कहा, कि 20 साल से इस खटारा सरकार का नौकरी पर और रोजगार पर कोई ध्यान नहीं था ना इसको लेकर कोई चर्चा हुई। इस दौरान तेजस्वी ने यह भी वादा किया कि बिहार में हर परिवार में से एक को सरकारी नौकरी देंगे।

20 दिन में आएगा अधिनियम

तेजस्वी यादव ने अपनी घोषणा को लेकर उठने वाले सवालों पर स्पष्ट किया कि यह कोई जुमलेबाजी नहीं, बल्कि गहन अध्ययन और सर्वेक्षण के आधार पर लिया गया निर्णय है। उन्होंने कहा कि उनके पास हर परिवार की रोजगार स्थिति का पूरा डाटा मौजूद है और जो कहा जा रहा है, वह पूरी तरह संभव है। तेजस्वी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 17 महीने में 5 लाख लोगों को नौकरी दी है, जिसे जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और बेरोजगारी को जड़ से खत्म करना चाहती है। तेजस्वी ने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने के 20 दिन के भीतर अधिनियम लाया जाएगा और 20 महीने में नौकरी दी जाएगी। साथ ही, हर घर को आर्थिक सम्मान और सरकारी नौकरी देने का वादा करते हुए उन्होंने उद्योग-धंधों को भी तेजी से बढ़ाने की बात कही।

आज महागठबंधन की मीटिंग

पटना में आज महागठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर चल रहे गतिरोध को सुलझाने के लिए कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और कृष्ण अल्लावारु राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे। इस बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बयान दिया कि सीटों के बटवारे का समाधान धीरे-धीरे किया जा रहा है और सभी दल आपसी चर्चा के जरिए जिम्मेदारियों का बंटवारा करेंगे। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर विवाद की खबरों को उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कोई मुद्दा नहीं है और गठबंधन में सब कुछ सामान्य है।

कल राबड़ी के घर बैठक

इसके बाद, कल RJD पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक राबड़ी देवी के आवास पर दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पहले चरण के चुनाव के लिए पार्टी अपने उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाएगी। बैठक के बाद ही इन उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न (सिंबल) वितरित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, RJD 12 अक्टूबर से पहले अपने पहले चरण के सभी उम्मीदवारों को सिंबल सौंप देगी। पार्टी की इस सक्रियता से साफ है कि वह चुनावी मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरने जा रही है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article