इलेक्शन

तमिलनाडु में TVK की राजनीतिक 'विजय'! एग्जिट पोल में AIADMK और DMK को छकाया; सत्ता के लिए मुंह तकते रह गए स्टालिन

Tamil Nadu Exit Poll 2026 : अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (टीवीके) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार,अपने पहले ही चुनाव में टीवीके को डीएमके के बराबर वोट शेयर मिलने का अनुमान है।

Image

टीवीके प्रमुख विजय।

Tamil Nadu Exit Poll 2026 : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले आज आए एग्जिट पोल के अनुमानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर दिखाया है। Axis My India के सर्वे के मुताबिक अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) पहली बार चुनाव लड़ते हुए 98 से 120 सीटें जीत सकती है। इस सर्वे के आने के बाद से हर किसी के कान खड़े हो गए हैं। कहा जा रहा है कि इस बार 'थलापति विजय' 234 सदस्यीय विधानसभा वाले दक्षिण भारतीय राज्य में या तो किंग या किंगमेकर की भूमिका में आ सकते हैं।

एक्सिज माय इंडिया के सर्वे में क्या?

सर्वे के अनुसार एमके स्टालिन के नेतृत्व वाले DMK-कांग्रेस गठबंधन को 92 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि AIADMK-BJP गठबंधन 22 से 32 सीटों तक सिमट सकता है। वहीं, पहली बार चुनाव लड़ रही टीवीके को 98 से 120 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बात अगर वोट शेयर की करें तो उसमें भी टीवीके करीब 35 फीसदी समर्थन के साथ DMK गठबंधन के बराबर बताई गई है,जबकि NDA को लगभग 23 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। हालांकि अगर इस बार फिर से स्टालिन की पार्टी सत्ता में आ गई तो वे दूसरी बार राज्य के सीएम बनेंगे, जो उनके पिता करुणानिधि नहीं कर पाए वो एमके स्टालिन करेंगे।

युवा वोटरों में TVK को जबरदस्त समर्थन

एग्जिट पोल के मुताबिक, युवा वोटरों में TVK को जबरदस्त समर्थन मिला है। 18-19 वर्ष के पहली बार वोट डालने वालों में 68 फीसदी, 20-29 आयु वर्ग में 59 फीसदी और 30-39 वर्ग में 45 फीसदी समर्थन TVK को मिला। छात्रों, बेरोजगार युवाओं और शहरी मतदाताओं में पार्टी की पकड़ मजबूत बताई गई है।

सीएम पद के लिए भी व्यापक जनसमर्थन विजय के पक्ष में

सर्वे में बदलाव की चाह सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आई। करीब 35 फीसदी मतदाताओं ने बदलाव को वोट देने की वजह बताया, जबकि TVK समर्थकों में यह आंकड़ा 77 फीसदी तक पहुंच गया। विजय की व्यक्तिगत लोकप्रियता भी बड़ा फैक्टर मानी गई है। मुख्यमंत्री पद की पसंद में भी मुकाबला कांटे का दिखा। विजय को 37 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री के तौर पर पसंद किया, जबकि मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को 35 फीसदी समर्थन मिला।

एनटीआर और एमजीआर की तर्ज पर राजनीति को नई दिशा देंगे विजय?

दक्षिण की राजनीति में पहले भी सिनेमा से निकले सितारों ने इतिहास रचा है। तमिलनाडु में एमजी रामचंद्रन (MGR) और आंध्र प्रदेश में एनटी रामा राव (NTR) ने अपनी लोकप्रियता को जनसमर्थन में बदलते हुए राजनीति में नई इबारत लिखी थी। दोनों नेताओं ने अपने दम पर मजबूत क्षेत्रीय दल खड़े किए। MGR ने AIADMK को नई पहचान दी, जबकि NTR ने तेलुगु देशम पार्टी (TDP) को बड़ी ताकत बनाया।

MGR की फिल्मों में उनकी छवि गरीबों के हितैषी नेता की थी, जिसका फायदा उन्हें राजनीति में भी मिला। जनता ने उन्हें बड़े भरोसे के साथ स्वीकार किया और उन्होंने तमिलनाडु की राजनीति की दिशा ही बदल दी। वे 1977 से 1987 तक लगातार राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

उनकी सरकार की सबसे चर्चित योजनाओं में मिड-डे मील योजना शामिल थी। इस योजना के तहत स्कूलों में बच्चों को मुफ्त दोपहर का भोजन दिया गया, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई और पोषण दोनों पर सकारात्मक असर पड़ा। आज भी इसे उनकी सबसे बड़ी विरासतों में गिना जाता है।

विजय को लेकर लोगों के मन में क्या?

Axis My India के इस सर्वे के सामने आते ही चर्चा तेज हो गई है कि क्या अभिनेता विजय दक्षिण भारतीय राजनीति में कोई बड़ा बदलाव लाने जा रहे हैं। अगर यह नतीजे सही साबित होते हैं तो तमिलनाडु की पारंपरिक DMK-AIADMK केंद्रित राजनीति बदल सकती है। TVK न सिर्फ किंगमेकर बन सकती है, बल्कि सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने की भी संभावना है। हालांकि कई अन्य एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की है कि सत्तारूढ़ डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन राज्य में फिर से सत्ता में लौटेगा।यहां ये बात जरूर ध्यान रखें कि एग्जिट पोल अनुमान होते हैं,अंतिम फैसला मतगणना में ही होगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article